अलवर। अलवर में मूकबधिर नाबालिग के साथ हुई शर्मनाक घटना पर एसपी तेजस्विनी गौतम के बयान पर हल्ला मचा और एसआईटी की जांच रिपोर्ट से पहले ही इस तरह के बयान पर सरकार घिरती दिखी तो एसपी ने अब यू टर्न ले लिया । रविवार को गुरुद्वारा कमेटी के सदस्य एसपी से मिले तो उनको बताया गया कि रेप की आशंका से इनकार नहीं किया गया। वहीं, दो दिन पहले एसपी ने कहा था कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म होने की आशंका नहीं लगती है।
एसपी तेजस्विनी गौतम ने कहा- मैंने मेडिकल रिपोर्ट के हवाले से पहले जानकारी दी थी। अभी पुलिस के स्तर पर हर एंगल से जांच जारी है। हमारी जांच पूरी नहीं हुई है। मैंने अभी तक के तथ्य बताए थे। कोई निष्कर्ष नहीं दिया है।
दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी की चेतावनी
रविवार को दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी के सदस्य अलवर आए। अलवर एसपी से मुलाकात के बाद कमेटी के सदस्य आत्मा सिंह लुबाना व अन्य सदस्यों ने बताया कि एसपी बोल रही हैं कि उन्होंने नाबालिग से रेप नहीं होने की बात नहीं की। यह मीडिया ने ही छापा है। हमारी जांच चल रही है। हर संभावना पर जांच के फैक्ट्स आने पर स्पष्ट कहा जा सकेगा। इधर, कमेटी के पदाधिकारियों ने प्रशासन को चेताया कि चार दिन में अपराध का खुलासा नहीं किया गया, तो पूरे देश के समाज के लोगों को कॉल करेंगे। इसके बाद बड़ा आंदोलन किया जाएगा। कमेटी के सदस्यों ने साफ कहा कि नाबालिग से रेप कहीं दूसरी जगह हुआ है। उसे यहां लाकर पटका गया है। हो सकता है नाबालिग को पुलिया से नीचे पटरी पर फेंकने के लिए लाया गया हो। आगामी चार दिनों में पुलिस ने कोई रिजल्ट नहीं दिया तो आंदोलन किया जाएगा।
