Headlines

हैड कॉन्स्टेबल ने चोर को बेल्ट से पीटा, वीडियो वायरल होने पर एसपी ने किया लाइन हाजिर

हैड कॉन्स्टेबल

जैसलमेर : जिले में हैड कॉन्स्टेबल के चोर को उलटा लटकाकर पीटने का वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दो युवक और भी हैं। ये भी उस युवक को पीट रहे हैं और गालियां दे रहे हैं। हालांकि उनकी पहचान नहीं हो पाई मगर पुलिस की वर्दी पहने नजर आ रहा व्यक्ति सांगड़ थाने का हैड काॅन्स्टेबल आसूराम है। एसपी डॉ. अजय सिंह को जब इसकी जानकारी दी गई तो उन्होंने एसएचओ सांगड़ को वीडियो भेजकर पुष्टि कराई। इसके बाद आसूराम को लाइन हाजिर किया जा रहा है। उसके खिलाफ विभागीय जांच बिठाई जा रही है।

क्या है मामला

सांगड़ थाना एसएचओ सुमेर सिंह ने बताया कि वीडियो में नजर आ रहा युवक पाली थाने का एनडीपीएस मामले का अपराधी रावताराम है। हैड कॉन्स्टेबल आसूराम को 1 जनवरी को सूचना मिली थी कि कुछ युवक मुंबई से एक गाड़ी किराए पर लेकर आए हैं और वे गाड़ी में लगा जीपीएस हटाकर उसको चुराकर भाग रहे हैं। सुमेर सिंह के अनुसार आसूराम ने उन्हें बताया कि नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे आरोपियों को लखमणा गांव के पास पकड़ा। पकड़ कर थाने लाया गया। उसके साथ उसके 2 साथी और भी थे। सबको 2 जनवरी को पाली पुलिस को सौंप दिया गया। वीडियो में अन्य लोगों की जानकारी मांगने पर उन्होंने बताने से इनकार कर दिया।

इस मामले में एसपी डॉ. अजयसिंह को सूचना देने व विडियो के बारे में जानकारी मांगने पर उन्होंने वीडियो की पड़ताल करके बताया कि वीडियो में नजर आ रहा व्यक्ति सांगड़ थाने का आसूराम है। वीडियो को देखकर उसको लाइन हाजिर किया जा रहा है साथ ही इस मामले में उसके खिलाफ विभागीय जांच भी बिठाई जा रही है। वीडियो में नजर आ रहे अन्य लोगों की भी पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *