Headlines

PM की सुरक्षा में चूक, रैली रद्द : मोदी बोले- मैं एयरपोर्ट तक जिंदा पहुंच पाया, इसके लिए अपने CM को थैंक्स कहना

मोदी

चंडीगढ़ : पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिरोजपुर रैली रद्द होने की वजह सुरक्षा में चूक को बताया जा रहा है। गृह मंत्रालय ने कहा कि पंजाब दौरे पर प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक सामने आई है। उनका काफिला एक फ्लाई ओवर में करीब 15-20 मिनट तक रुका रहा। मोदी ने बठिंडा एयरपोर्ट पहुंचने के बाद अधिकारियों से कहा कि अपने मुख्यमंत्री को शुक्रिया कहना कि मैं एयरपोर्ट तक जिंदा लौट पाया। उधर, भाजपा ने कहा कि पंजाब की कांग्रेस सरकार ने मोदी का कार्यक्रम बिगाड़ने की साजिश रची। इसी बीच, किसान संगठनों ने दावा किया है कि रैली रद्द होने की वजह किसानों का विरोध और पंजाबियों में मोदी की अस्वीकार्यता है। इससे पहले बताया जा रहा था कि खराब मौसम या कोरोना की वजह से मोदी की रैली को रद्द किया गया है।

रोड ब्लॉक कर रखी थी प्रदर्शनकारियों ने – गृह मंत्रालय

प्रधानमंत्री मोदी बठिंडा उतरने के बाद खराब मौसम की वजह से 20 मिनट इंतजार करने के बाद वे सड़क के जरिए राष्ट्रीय शहीद स्मारक तक गए। इसमें उन्हें 2 घंटे से ज्यादा का वक्त लगना था। पंजाब के डीजीपी ने भरोसा दिलाया, इसके बाद उनका काफिला आगे बढ़ा। हुसैनीवाला में शहीद स्मारक के 30 किलोमीटर पहले उनका काफिला एक फ्लाई ओवर पर पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने रोड ब्लॉक कर रखी थी। मोदी यहां पर 15-20 मिनट तक फंसे रहे। यह प्रधानमंत्री की सुरक्षा में बड़ी चूक है।

मोदी

30 किमी पहले फ्लाईओवर पर रोका

गृह मंत्रालय के मुताबिक हुसैनीवाला स्थित राष्ट्रीय स्मारक से 30 किमी पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला एक फ्लाईओवर पर पहुंचा था। वहां पर कुछ प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर रखी थी। जिस वजह से पीएम वहां फंसे रहे। प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसे बड़ी चूक माना है। यह भी पता चला है कि पीएम मोदी के सड़क मार्ग से गुजरने से पहले पंजाब पुलिस से क्लियरेंस ली गई थी। इसके बावजूद रास्ते में प्रदर्शनकारियों की तरफ से रास्ता जाम मिला।

पंजाब सरकार से रिपोर्ट तलब

गृह मंत्रालय के मुताबिक पीएम की सुरक्षा के लिए सड़क से गुजरते वक्त अतिरिक्त सुरक्षा होनी चाहिए थी, लेकिन यहां ऐसा कोई बंदोबस्त नहीं किया गया था। इसकी वजह से पीएम को वापस बठिंडा लौटना पड़ा। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसका कड़ा संज्ञान लिया है और इसे गंभीर सुरक्षा चूक करार दिया है। इस बारे में पंजाब सरकार से विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है। इसके अलावा राज्य सरकार को कहा गया है कि इस मामले में जिम्मेदारी फिक्स कर सख्त एक्शन लिया जाए।

मोदी

कई जगह भाजपा की बसें रोकी गईं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिरोजपुर में चुनावी रैली थी। किसान आंदोलन खत्म होने के बाद वह पहली बार पंजाब आए थे। मौसम खराब होने की वजह से वह बठिंडा से सड़क मार्ग के जरिए फिरोजपुर जा रहे थे। इस दौरान उनके दौरे का भी विरोध हो रहा था। कई जगहों पर भाजपा कार्यकर्ताओं की बसों को रोका गया। जिसके बाद यह रैली रद्द कर दी गई। हालांकि इसमें पहले बारिश को वजह बताया गया लेकिन मौसम के बारे में पहले ही जानकारी मिल चुकी थी। अब इसके सुरक्षा चूक से जुड़े होने के कारण पंजाब सरकार के रवैये को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *