जयपुर : सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध करवाने वाली लो-फ्लोर बसों के चालक -परिचालक पर देर रात 2 बजे फायरिंग की गई। जब ड्राइवर कंडक्टर बस में सो रहे थे, तब बस के दोनों साइड से फायरिंग की गई लेक़िन गनीमत रही कि ड्राइवर कंडक्टर बीच में सोने से वो सुरक्षित बच गए। फायरिंग की घटना के बाद लो-फ्लोर कर्मचारियों में दहशत है। वहीं पुलिस ने मौका मुआयना कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
शिवदासपुरा थाना इलाके में महात्मा गांधी अस्पताल के पास रात के समय लो फ्लोर बसें खड़ी रहती हैं। बीती रात को लो फ्लोर बस में सो रहे चालक और परिचालक पर हमला करने की नियत से बदमाशों ने बस पर फायरिंग कर दी। बदमाशों ने बस के आगे और पीछे के हिस्से में फायरिंग की लेकिन गनीमत रही की कि चालक और परिचालक दोनों ही बस के बीच के हिस्से में सो रहे थे। इसके चलते उनकी जान बच गयी। घटना के बाद चालक ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद शिवदासपुरा पुलिस मौके पर पहुंची।
मामले की जांच की जा रही है
पुलिस का कहना है कि चालक की ओर से फायरिंग की बात कही गयी है। बस के भी दोनों कांच टूटे हैं। फायरिंग हुई या नहीं, इसे लेकर जांच की जा रही है। चालक का कहना है कि रात करीब 2 बजे वह परिचालक के साथ बस में सो रहा था, तभी कुछ बदमाशों ने लो फ्लोर बस का गेट खोलने का प्रयास किया। जब बदमाश गेट खोलने में सफल नहीं हो पाए तो उन्होंने बस पर हमला किया और मौके से फरार हो गये।
पुलिस ने करवाई नाकाबंदी
शिवदासपुरा पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल करते हुए इलाके में नाकाबंदी करवायी है। नजदीकी सीसीटीवी कैमरे भी पुलिस की ओर से खंगाले जा रहे है लेकिन फिलहाल बदमाशों के बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिल पायी है। चालक की ओर से दी गई शिकायतों के आधार पर शिवदासपुरा पुलिस मामले की जांच कर रही है।
