नई दिल्ली: कांग्रेस नेता कीर्ति आजाद और अशोक तंवर कांग्रेस पार्टी छोड़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शामिल हुए। पार्टी सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मौजूदगी में दोनों ने पार्टी की सदस्यता ली। आजाद पिछले लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। उन्होंने पश्चिम बंगाल से लगे धनबाद लोकसभा से चुनाव भी लड़ा, लेकिन जमानत जब्त करवा बैठे थे।
वहीं तंवर हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। तंवर कभी कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के करीबियों में गिने जाते थे। हालांकि पिछले विधानसभा चुनाव में टिकट बंटवारे में पैसे लेने के आरोपों के बाद उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी। भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के साथ तल्खी भी उनके कांग्रेस छोड़ने की बड़ी वजह रही। बताया जा रहा है कि ममता बनर्जी देशभर में पार्टी को मजबूत करने के लिए कांग्रेस और भाजपा से नाराज चल रहे नेताओं को एक मंच पर ला रही हैं।

