अलवर: अलवर के एक स्टूडेंट यश यादव ने हाल ही में 12वीं पास करने के बाद नोएडा की एक कॉलेज में बीटेक फर्स्ट ईयर में एडमिशन लिया था। स्टूडेंट ने खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। यश की उम्र करीब 17 साल है। सुसाइड करने से पहले वह अवैध पिस्टल लेकर आया था। शनिवार को उसे नोएडा जाना था, लेकिन देर शाम को खुद को गोली मार ली।
पुलिस ने बताया कि यश यादव भिवाड़ी के सेक्टर-9 में रहता था। परिवार मूल रूप से यूपी का रहने वाला है। उसका परिवार लंबे समय से भिवाड़ी में रह रहा है। पिता ओमप्रकाश की सेंट्रल मार्केट में कपड़े की दुकान है। घटना के दौरान यश घर में अकेला था। रात में जब बड़ा भाई घर पहुंचा तो कमरे में यश का शव पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शनिवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सुसाइड के कारणों का पता नहीं
पुलिस ने बताया कि परिजनों से बात की है, लेकिन अब तक सुसाइड के कारणों का पता नहीं लगा है। यश के बड़े भाई ने भी हाल ही में आईआईटी की पढ़ाई पूरी की है। परिवार में केवल चार ही सदस्य हैं। दो भाई और माता-पिता। सेक्टर नौ में लोगों को देर रात पता चला कि छात्र ने खुद को गोली मार ली। सुबह पूरे सेक्टर में यह चर्चा थी, लेकिन किसी को भी सुसाइड करने के कारणों का पता नहीं चला है। पुलिस अभी अवैध रूप से हथियार रखने की जांच भी कर रही है। पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि अभी जांच में कुछ पता नहीं लगा है। जल्दी पूरी जांच कर खुलासा किया जा सकेगा।
