Headlines

सरदारशहर मेगा हाईवे पर टैंकर से टकराई कार में लगी आग, कार चालक जिंदा जला

टैंकर

चूरू : सरदारशहर तहसील से 40 किमी दूर मेगा हाईवे पर रविवार रात करीब 8 बजे एक कार के गैस टैंकर से टकरा जाने से कार में आग लग गई। इस घटना में कार चालक जिंदा जल गया, जबकि उसमें सवार दो लोग झुलस गए। इसमें से एक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरा लापता है। टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। टैंकर में गैस नहीं थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो जाता। हादसे के बाद मेगा हाईवे पर करीब डेढ़ घंटे तक दोनों ओर जाम लगा रहा।

रात करीब 9.30 बजे जाम खुलवाया गया। आग पर काबू पाने के लिए चूरू व सरदारशहर से दमकल की गाड़ियां भी पहुंच गई थीं। सरदारशहर डीएसपी नरेंद्र शर्मा ने बताया कि टैंकर नसीराबाद से भटिंड़ा (पंजाब) एलपीजी गैस भरवाने जा रहा था। कार में तीन युवक सवार थे। गैस के टैंकर से टकरा जाने से कार में आग लग गई, जिससे सावर निवासी नरेंद्र सिंह पुत्र रिड़माल सिंह राजपूत (25) की मौके पर मौत हो गई।

क्रेन से वाहनों को हटाकर खुलवाया जाम

हादसे में कार में सवार सावर गांव के खेतू सिंह पुत्र कल्याण सिंह एवं विक्रम सिंह झुलस गए। विक्रम सिंह लापता है। खेतू सिंह को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मेगा हाईवे पर आगजनी व हादसे की सूचना मिलते ही सरदारशहर व भानीपुरा पुलिस ने दोनों ओर वाहनों को दो किमी पहले रोक दिया।

दमकल व क्रेन को बुलाया गया। सूचना मिलने पर सरदारशहर तहसीलदार हनुमान सिंह सहित, भानीपुरा एसएचओ सुभाषचंद्र सहित दोनों थानों का जाब्ता मौके पर पहुंच गए और ट्रैफिक कंट्रोल में लग गए। कुसुमदेसर के मनीराम खीचड़ सहित कई ग्रामीण भी आग बुझाने में पुलिस का सहयोग करने लगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *