उदयपुर : राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक तथा नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल सोमवार को भी वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहे। जहां उन्होंने दर्जनों गांवों में जनसंपर्क सभाओं को संबोधित करते हुए उपचुनाव में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के उम्मीदवार उदय लाल डांगी के समर्थन में बोतल के चिन्ह पर मतदान करने की अपील की।
इस अवसर पर सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि भाजपा व कांग्रेस के नेता सीमेंट कंपनियों के मुनीम बने हुए हैं। इस कारण से कंपनियां स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं देती। साथ ही वल्लभनगर जैसे क्षेत्र में विकास कार्यों के अभाव से आमजन हताश है। इसलिए इस बार यहां पर जनता ने परिवर्तन का मानस बना लिया है। जन सभाओं में उदयलाल डाँगी ने कहा कि यहां की जनता स्वाभिमान की लड़ाई लड़ रही है और वोट की चोट से भाजपा-कांग्रेस को करारा जवाब देगी। उन्होंने क्षेत्र में हर संभव विकास कार्य करवाने का भरोसा दिलवाया।
भील समाज के साथ किया गवरी नृत्य
सांसद बेनीवाल ने मेनारगढ़ होटल में आयोजित अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के सम्मेलन को भी संबोधित किया। वहीं भील समाज के आगृह पर उनके साथ पारंपरिक गवरी नृत्य भी किया। नांदवेल, माल की टुस, गुपडी, शिवाजी, केमरी, उकार, कच्छेर, ढाणी, मनोहरपुरा व मेनारगढ़ होटल सहित कई स्थानों पर रालोपा संयोजक व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने जन सम्पर्क सभाओं को संबोधित करते हुए उदयलाल डाँगी के समर्थन में मतदान की अपील की।

