जयपुर: 23 और 24 अक्टूबर को 5378 पदों के लिए पटवारी भर्ती परीक्षा के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह तैयार है। पटवार परीक्षा में पहले दिन करीब 82 हजार और दूसरे दिन 92 हजार परीक्षार्थी एग्जाम देने जयपुर आएंगे। पटवार परीक्षा दोनों दिन सुबह 8:30 बजे से 11:30 बजे तक पहली पारी, जबकि 2:30 से शाम 5:30 बजे तक दूसरी पारी में परीक्षा करवाई जाएगी। परीक्षा में नकल रोकना और दोनों दिनों तक शांतिपूर्वक तरीके से परीक्षा को संपन्न करवाना व ट्रैफिक जाम से निपटना भी पुलिस के लिए एक चुनौती रहेगी।
इस परीक्षा में कुल 15 लाख 62 हजार 995 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए परीक्षा से 24 घंटे पहले ही जहां पुलिस-प्रशासन की टीमों ने प्रदेशभर में सतर्कता और निगरानी बढ़ा दी है। वहीं कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा भी लगातार नकल पर नकेल कसने के लिए रणनीति बनाई जा रही है।
फ्लाइंग स्क्वायड, ऑब्जर्वर, केंद्र अधीक्षक और पुलिस करेगी विशेष निगरानी
रीट और सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में हुई धांधली के बाद राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड पटवार परीक्षा के लिए पूरी तरह से सतर्क हो गया है। प्रदेशभर के 23 जिलों में परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश के संदिग्ध परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। जहां संदिग्ध छात्रों की विशेष मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी की गई है।
इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ फ्लाइंग स्क्वायड, ऑब्जर्वर, केंद्र अधीक्षक और आंतरिक सतर्कता दल के साथ विशेष निगरानी दल बनाया गया है। जो अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर औचक निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दो महिला और दो पुरुष कॉन्स्टेबल तैनात रहेंगे। इलाके के थाना प्रभारी और सर्किल ऑफिस इन परीक्षा केंद्रों पर चेतक के जाब्ते के साथ गश्त करेंगे।
करवा चौथ को देखते हुए राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने 5 लाख से ज्यादा महिला अभ्यर्थियों को राहत देते हुए 23 अक्टूबर को ही उनकी परीक्षा करवाने का फैसला लिया है, जिनकी परीक्षा 24 अक्टूबर को होनी है। हालांकि अलवर और धौलपुर में पंचायत चुनाव के कारण 23 अक्टूबर की बजाय 24 अक्टूबर को ही परीक्षा होगी। वहां महिला कैंडिडेट को घर के नजदीक के एग्जाम सेंटर अलॉट किए गए हैं।

एटीएस संभालेगी कमान
पटवारी भर्ती परीक्षा में नकल रोकने के लिए जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल सेल एक्टिव हो गई है। वहीं, एटीएस की टीम ने भी कमान संभाली है। सभी संवेदनशील जिलों में परीक्षा केंद्रों पर एटीएस के हथियारबंद जवान तैनात किए जाएंगे। किसी भी गड़बड़ी और नकल को रोकने के लिए चैकिंग सख्ती से की जाएगी।
सादे कपड़ों में जयपुर कमिश्नरेट की डीएसटी, सीएसटी और थानों के स्पेशल टीम के पुलिसकर्मी परीक्षा केंद्रों के आस-पास तैनात रहकर संदिग्धों पर निगरानी रखेंगे। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल लेकर प्रवेश पर पूरी तरह से रोक रहेगी।
4 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी देंगे ड्यूटी
परीक्षा के दौरान करीब 4 से 5 हजार पुलिसकर्मियों का अमला शहर में मुख्य सड़कों, अस्थाई बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और परीक्षा केंद्रों पर तैयार रहेगा। इसके लिए अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर हैदर अली जैदी परीक्षा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को शहर की सड़कों पर निकले।
उनके साथ डीसीपी ट्रैफिक श्वेता धनखड़, एडिशनल डीसीपी राजेंद्र सिंह सिसोदिया व अन्य अफसर भी मौजूद रहे। एडिशनल कमिश्नर ने अस्थाई रूप से बनाए गए बस स्टैंड के अलावा प्रमुख रूट पर यातायात व्यवस्था और परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए की गई तैयारियों का जायजा भी लिया।
23 जिलों में ही आयोजित होगी परीक्षा
परीक्षा में प्रदेश के 33 में से सिर्फ 23 जिलों में ही परीक्षा का आयोजन किया जायेगा। जिसके तहत बाड़मेर, चूरु, धौलपुर, जैसलमेर, जालौर, झुंझुनूं, करौली, पाली, प्रतापगढ़ और सीकर में परीक्षा का आयोजन नहीं होगा। वहीं 23 अक्टूबर को पंचायत चुनाव के मद्देनजर अलवर में भी परीक्षा का आयोजन नहीं होगा। हालांकि 24 अक्टूबर को अलवर में परीक्षा का आयोजन कराया जाएगा।
