जयपुर: शहर में 23 अक्टूबर को होने जा रही पटवारी भर्ती परीक्षा में दोनों पारियों में करीब 82 हजार और 24 अक्टूबर को दोनों पारियों में 92 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। जयपुर में करीब 235 केंद्रों पर पटवार परीक्षा होने वाली है। ट्रैफिक की वजह से परीक्षार्थियों को कोई परेशानी नहीं हो, इसके लिए यातायात पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। रूट जानने के लिए एक मोबाइल एप बनाया है। यातायात बाधित नहीं हो इसके लिए 11 जगहों पर डायवर्जन किया है। जगह-जगह हैल्प बूथ बनाए गए हैं।
22 को सुबह 5 बजे से 25 अक्टूबर तक तक चालू रहेंगे
जयपुर कमिश्नरेट में डीसीपी (ट्रैफिक) श्वेता धनखड़ ने बताया कि बाहर के जिलों से बसों में जयपुर आने वाले परीक्षार्थियों के लिए 5 सेटेलाईट बस स्टैंड बनाए गए हैं। इसमें आगरा रोड से बसों में आने वाले परीक्षार्थियों के लिए टीपी नगर बजरी मंडी, दिल्ली रोड से आने वालों के लिए सूरजपोल अनाज मंडी, सीकर रोड से आने वालों के लिए विद्याधर नगर स्टेडियम, अजमेर रोड से आने वालों के लिए नारायण विहार, टोंक रोड से आने वालों के लिए दुर्गापुरा कृषि अनुसंधान केन्द्र पर बस अस्थाई बस स्टैंड बनाए हैं। ये पांचों बस स्टैंड 22 अक्टूबर को सुबह 5 बजे से 25 अक्टूबर को सुबह 5 बजे तक तक चालू रहेंगे।
बस स्टैंड और प्रमुख जगहों पर हैल्प बूथ बनाए
परीक्षार्थियों की सहायता के लिए यातायात पुलिस द्वारा सेटेलाईट बस स्टैंड और मुख्य-मुख्य स्थानों पर सहायता बूथ बनाए हैं। इन सहायता बूथों पर परीक्षार्थियों को परीक्षा सेंटर के अलावा परीक्षा केन्द्र तक जाने के लिए लोकल वाहन की जानकारी, रूट सम्बन्धित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे कि बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की कोई समस्या न हो।
‘My Exam Center jaipur’ ऐप से मिलेगी जानकारी
एडिशनल डीसीपी राजेंद्र सिसोदिया ने बताया कि पटवारी भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी ‘My Exam Center jaipur’ मोबाइल ऐप के माध्यम से जयपुर के सभी परीक्षा सेंटर की लोकेशन और रूट की जानकारी देख सकेंगे। मोबाइल ऐप के माध्यम से परीक्षार्थी प्रवेश पत्र पर अंकित परीक्षा सेंटर कोड से परीक्षा केन्द्र का गूगल लोकेशन पर रूट और दूरी देख सकता है। इस Off Line Mode में Save करने के लिए बटन उपलब्ध कराया जा रहा है। यह सुविधा 22 अक्टूबर शुक्रवार सुबह 10 बजे गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध होगी।
शहर में भारी वाहनों स्लोमूविंग वाहनों, लोडिंग वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा। इसके लिए 12 स्थानों मुरलीपुरा चौराहा, कालवाड़ पुलिया, इण्डिया गेट टोंक रोड, सीबीआई फाटक, रिंग रोड आगरा रोड, गोनेर तिराहा, वाटिका मोड़, टोंक रोड, 200 फिट चौराहा, इस्कान मंदिर चौराहा, पुरानी चुंगी अजमेर रोड, रामगढ़ मोड़, सड़वा मोड़ पर ट्रैफिक डायवर्जन नाके बनाए गए हैं।
