Headlines

सीकर के खंडेला में दिनदहाड़े बदमाश ने दुकान में की फायरिंग, पर्ची लेकर दुकान में घुसा; लिखा था- 5 दिन में 10 लाख नहीं दिए तो होगा धमाका

सीकर : सीकर के खंडेला गांव में बालाजी टैक्सटाइल पर दिनदहाड़े बदमाश ने फायरिंग की और वहां से भाग गया। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। यह वारदात मंगलवार सुबह की है। एक बन्दूक धारी बदमाश ने दुकानदार को एक पर्ची दी। पर्ची में लिखा था- मैं विक्रम बामरडा बोल रहा हूं। तेरे पास 5 दिन का टाइम है। मैं फोन करूंगा। वहां 10 लाख रुपए देकर चले जाना। ये नमूना दिया है। पैसे नहीं देने पर धमाका होगा। पुलिस को शिकायत मत करना। पर्ची के शुरू और अंत दोनों में जय बाबा की लिखा है। दुकानदार के मना करने पर फायरिंग कर बदमाश अपने साथी के साथ बाइक पर भाग गया। खंडेला पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशो की तलाश में जुटी है। वहीं घटना के बाद व्यापारियों ने बाजार बंद कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

आसपास के दुकानदारों के आने पर भाग गया
खंडेला में बालाजी टेक्सटाइल के नाम से भुवनेश मोदी की दुकान है। सुबह भुवनेश दुकान पर बैठे थे। तभी एक बदमाश आया। उसने दुकानदार को एक पर्ची दी। पर्ची में दस लाख रुपए फिरौती की मांग की गई। दुकानदार पर्ची देखकर पुलिस को बुलाने के लिए फोन करने लगा तो बदमाश ने गोली चला दी। दुकान में काम कर रहे अन्य लोगों को भी उसने डराया। एक गोली दुकानदार के कान के पास से निकल कर कांच पर लग गई। दूसरी गोली सिर के पास से निकली। इतने में आसपास के दुकानदार आ गए और बदमाश भाग गया।

CCTV में वारदात कैद
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दुकान और बाजार में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। एक युवक बाइक पर दुकान के बाहर खड़ा दिखा। उसके साथ बदमाश बाइक पर बैठकर भाग गया। नीमका थाना अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने बदमाशों की तलाश में जगह-जगह नाकाबंदी की। सीसीटीवी फुटेज देखकर बदमाशों की तलाश की जा रही है।

घटना के बाद बाजार बंद
वारदात के बाद दुकान के बाहर आस-पास के दुकानदारों की भीड़ लग गई। व्यापारियों ने कहा कि दिनदहाड़े बाजार में फायरिंग पुलिस की नाकामी को दर्शता है। बाजार बंद कर प्रदर्शन कर बदमाशों को पकड़ने की मांग की। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया। व्यापारियों ने कहा कि जब तक बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं होगी, बाजार बंद रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *