अलवर: रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस (आरटीओ ) अलवर में एसीबी की बड़ी कारवाई में लाइसेंस रिन्यूअल व डुप्लीकेट लाइसेंस के काउंटर पर काम करने वाले सूचना सहायक को 1500 रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा है। जबकि उसी सूचना सहायक के काउंटर से 3 लाख 17 हजार रुपए, 3 लाख रुपए घर से और 21 लाख रुपए बैंक खाते से मिले हैं। एसीबी के एएसपी विजय सिंह ने बताया कि 3 लाख 17 हजार 680 रुपए आरोपी की एक दिन की रिश्वत है। फिलहाल रीट परीक्षा के कारण रिश्वत कम है। वरना यह रोजाना 4 से 5 लाख रुपए होने का अनुमान है।
एसीबी ने सोमवार शाम चार बजे परिवादी आजाद की शिकायत पर आरटीओ ऑफिस में रेड डाली गयी। सूचना सहायक तरुणेश के कक्ष में ही दलाल, गार्ड व अन्य आरोपियों को पकड़ा गया है। सूचना सहायक ने लाईसेंस रिन्यूअल के लिए 15 सौ रुपए रिश्वत ली। फिर एसीबी ने उसके आसपास की जगह को खंगाला तो 3 लाख 17 हजार 680 रुपए मिले। एसीबी की दूसरी टीम ने सूचना सहायक के घर मरेठिया बास पहुंची। वहां भी 3 लाख रुपए मिले। एसीबी ने बैंक को खंगाला तो सूचना सहायक तरुणेश के बैंक खाते में कुछ ही दिन का डिपोजिट 21 लाख रुपए मिला है।
एसीबी ने आरटीओ के गार्ड हरीश, दलाल श्यामलाल, दलाल बनवारी को भी गिरफ्तार किया है। उनकी भूमिका का पता लगाया जा रहा है। यह जांच के बाद पता लगेगा कि रोजाना ली जा रही रही रिश्वत का किस अनुपात में बंटवारा होता है। यह जांच का विषय है।
