जयपुर: राजधानी जयपुर में गुरुवार देर रात अंबाबाड़ी नाले में गिरने वाली कार के चालक का शव रविवार दोपहर को मिला। यह शव जलकुंभी के बीच दलदल में फंसा हुआ था। तीन दिन तक SDRF और सिविल डिफेंस के गोताखोरों की टीम शव को तलाशने में जुटी हुई थी। रविवार को रेस्क्यू टीम के जवानों ने शव को खोज कर बाहर निकाल लिया।शास्त्री नगर थाना प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया कि मृतक प्रशांत सिंह पंवार (35) भट्टा बस्ती में विश्वकर्मा कॉलोनी का रहने वाला था। वह टूर एंड ट्रेवल्स का काम करता था। गुरुवार को प्रशांत झोटवाड़ा में अपने दोस्तों के पास गया था। रात करीब डेढ़ बजे कार से घर लौट रहा था। तभी अंबाबाड़ी पुलिया से गुजरते वक्त कार गंदे नाले में गिर गई।
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पुलिया से गुजरने वाले लोगों ने नाले में जलकुंभी के बीच कार देखकर पुलिस को सूचना दी। तब सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला। तब कार के चारों दरवाजे बंद पड़े थे। पीछे का शीशा टूटा हुआ मिला था। तब लगा कि कार चालक बाहर निकल गया होगा। कार के रजिस्ट्रेशन नंबरों के आधार पर पुलिस कार चालक प्रशांत सिंह के घर पहुंची। तब परिजनों ने बताया कि प्रशांत गुरुवार रात से ही घर नहीं पहुंचा है। इसके बाद SDRF व सिविल डिफेंस की के गोताखोरों ने प्रशांत को नाले में तलाश करना शुरू किया। तब रविवार को शव बाहर निकाला गया। सिविल डिफेंस के डिप्टी कंट्रोलर जगदीश रावत की अगुवाई में गोताखोर भीम सिंह, महेंद्र सेवदा, यूनुस व अन्य को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

