बाड़मेर: राजस्व मंत्री हरीश चौधरी का कमलेश एनकाउंटर मामला पीछा ही नहीं छोड़ रहा। चौधरी ने इस प्रकरण में अपने ऊपर लगे आरोपों पर भावूक हो गए और कहा कि कमलेश प्रजापत मामले में अगर मैं गुनाहगार हूं, फांसी हो जाए तो अफसोस मत करना, लेकिन हरीश चौधरी गलत नहीं है।
चौधरी आज पूर्व जिला प्रमुख लादूराम विश्नोई की 89वीं जयंती कार्यक्रम में बोल रहेथे। उन्होंने अपने ऊपर कमलेश एनकाउंटर को लेकर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। राजस्व मंत्री ने मंच से अपने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कमलेश प्रजापत एनकांउटर के बाद राजस्थान सरकार की अनुशंसा से सीबीआई जांच शुरू हुई है। जब कमलेश प्रजापत एनकांउटर जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी होगा, तब अगर हरीश चौधरी गलत है तो जेल जाएगा। हरीश चौधरी गलत नहीं है और बरी होता है तो इस विवाद के पीछे जो कोई भी ताकत हैं, उनको सामने आकर समाज को जवाब देना चाहिए। हरीश चौधरी को आगे करके बदनाम नहीं करना चाहिए। जब कमलेश एनकाउंटर की जांच हो जाए, तब एनकाउंटर से जुड़े सवाल जिंदा रखना और साजिश करने वाले लोगों से पूछना जरूर।
कमलेश के घर वालो ने लगाए थे ये आरोप
कमलेश प्रजापत का 22 अप्रैल की रात को पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया था। 23 अप्रैल से परिजनों और समाज के लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए थे। परिजनों ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए सीबीआई जांच की मांग की थी। इसके बाद परिजनों और सघर्ष समिति ने राजस्व मंत्री हरीश चौधरी पर आरोप लगाये थे कि मंत्री हरीश चौधरी और उनके भाई मनीष चौधरी व्यापारिक द्वेष भावना के चलते कमलेश प्रजापत का एनकाउंटर करवाने में शामिल हैं। कमलेश तेल कंपनियोँ में ठेके लेता था।
