अलवर : खेरली थाने में कार्यरत पुलिस कांस्टेबल देशराज गुर्जर को ACB ने गुरुवार को 7 हजार रुपए की रिश्वत के साथ गिरफ्तार कर लिया। जिसने मारपीट के मामले में परिवादी से 8 हजार रुपए मांगे थे। मामला तीन दिन पुराना ही था। यह कहकर रिश्वत का दबाव बनाया कि पैसे नहीं देगा तो दूसरे पक्ष की मदद करूंगा। परिवादी का मामला यह था कि उनका रविवार को ही गांव में नाले को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया था। जिसका दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसी मामले में मदद करने के नाम पर रिश्वत मांगी थी।
एसीबी थाने पहुंची तो मोटरसाइकिल लेकर भागा
एसीबी के एएसपी विजय सिंह ने बताया कि परिवादी की शिकायत की पुष्टि करने के बाद खेरली थाने पहुंचे। वहां कांस्टेबल देशराज गुर्जर ने 7 हजार रुपए ले लिए। लेकिन एसीबी की टीम को देखते ही वह मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया। इसके बाद एसीबी ने उसका चार किलोमीटर पीछा किया। उसकी बाइक के आगे कार लगा दी। तब जाकर उसे पकड़ा। वापस थाने लाकर रिश्वत में ली गई रकम भी बरामद की।
एसीबी ने बताया कि कांस्टेबल खेरली थाने में कार्यरत है। वह मूल रूप से दौसा के सिकराय थाने में गावड़ी गांव का रहने वाला है। एसीबी के उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार उसके आवास सहित अन्य जानकारी भी जुटाई जा रही है।
