जयपुर। राज्य सरकार की ओर से तबादलों पर से हटाई गई रोक में अब मात्र दो दिन बाकी हैं। सरकार ने14 अगस्त तक तबादलों पर से प्रतिबंध हटाया था। अब उसी को लेकर मारामारी हैं। कई विभागों के इस बीच तबादला सूचियां आ चुकी हैं। मुख्य तबादला सूची शिक्षा विभाग में शिक्षकों की हैँ जिस पर सबकी नजर हैँ। अब इसमें केवल दो दिन का समय बाकी है। ऐसे में शनिवार को शिक्षा विभाग में तबादला सूचियां आ सकती है। माना जा रहा है कि सबसे पहले वरिष्ठ अध्यापकों के तबादलों की लिस्ट जारी होगी। शिक्षा विभाग ने पिछले महीने तबादलों के लिए ऑनलाइन आवेदन लिया था।
इसमें करीब 19 हजार सेकंड ग्रेड शिक्षक व अन्य कर्मचारियों ने आवेदन किया था। इनमें 16111 वरिष्ठ अध्यापक, 1997 प्रारंभिक शिक्षा के हैडमास्टर, 765 सेकंड ग्रेड शारीरिक शिक्षक और कुछ अन्य केटेगरी के कर्मचारी शामिल हैं। कुछ थर्ड ग्रेड शिक्षकों के तबादलें होने के संकेत भी सरकार ने दिए हैं और कहा है कि खाली पदों पर तबादले किए जाएंगे। 24 अगस्त तक तबादला का काम नहीं निपटा तो बैकडेट में तबादला सूचियां आ सकती है। इन तबादलों को लेकर इच्छुक अभ्यर्थियों के साथ विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि भी जुटे हुए हैं।
