जयपुर : प्रदेश में बिजली कंपनियों में निकली भर्ती के लिए ऑनलाइन परीक्षा 4 सितंबर से शुरू होगी। पहले चरण में JEN, AEN, सूचना सहायक, लेखाधिकारी और पर्सनल ऑफिसर के पदों के लिए परीक्षा होगी। उत्पादन निगम की ओर से निकाली गई 1075 इंजीनियर और नॉन टेक्निकल पदों के लिए 1.04 लाख आवेदन आए हैं। बिजली बोर्ड से मिली रिपोर्ट के मुताबिक, पहले चरण में सहायक अभियन्ता (AEN) के 39 पद, लेखा अधिकारी के 11, कार्मिक अधिकारी के 6, कनिष्ठ अभियन्ता (JEN) के 375, कनिष्ठ रसायनज्ञ के 27 पदों और सूचना सहायक के 46 पदों (कुल 504 पद) के लिए परीक्षा होगी। ये परीक्षा दो पारियों में 4, 5, 6, 9,10 और 12 सितंबर को होगी। इसके बाद द्वितीय चरण में JEN (इलेक्ट्रिकल) के 571 पदों पर परीक्षा कराई जाएगी। इसकी डेट अलग से जारी की जाएगी।
प्रसारण निगम की भर्ती की परीक्षाएं बाद में
उत्पादन निगम के अलावा राजय विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड की ओर से भी 1295 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए थे। इसमें सहायक कार्मिक अधिकारी, कनिष्ठ विधि अधिकारी, कनिष्ठ लेखाकार, आशुलिपिक एवं कनिष्ठ सहायक/वाणिज्यिक सहायक सेकेंड पद शामिल हैं।
