जोधपुर: श्री पारीक हितकारिणी सभा की नवीन कार्यकारिणी के गठन के साथ ही अध्यक्ष राजकुमार व्यास एवं सम्पूर्ण कार्यकारिणी द्वारा पारीक समाज की वर्तमान अपेक्षाओं के अनुरूप भव्य भवन निर्माण की क्रियान्विति हेतु एक विशाल भूमिदान कार्यक्रम के आयोजन की योजना बनाई गई एवं निर्णय किया गया कि कोरोना के प्रभाव के कम होने के साथ बहुत जल्द इस कार्यक्रम को आयोजित किया जाएगा। इस हेतु पारीक समाज के वरिष्ठ समाज सेवियों से उनके दूरभाष पर भी चर्चा की गई। सभा के सम्माननीय संरक्षक वरिष्ठ समाजसेवी जोधपुर निवासी एडवोकेट सुशील डी. व्यास जी ने श्री पारीक हितकारिणी सभा की इस योजना की क्रियान्विति में 11979 स्क्वायर फ़ीट जमीन (आवासीय भूखण्ड) जिसकी वर्तमान कीमत लगभग 1 करोड़ 25 लाख रुपये है, जोधपुर शहर के अत्यंत निकट शंखेश्वर नगर, शिकारगढ़ जैसे रिहायशी क्षेत्र में भूमिदान कार्यक्रम से पूर्व ही समाज के नाम कर सर्वप्रथम अपनी भवन निर्माण हेतु दृढ़ प्रतिबद्धता जाहिर की।
इस हेतु श्री पारीक हितकारिणी सभा, जोधपुर श्रीमान एडवोकेट सुशील डी. व्यास जी एवं समस्त बुड़किया व्यास पारीक परिवार का हार्दिक आभार व्यक्त करती है एवं आगामी भूमिदान कार्यक्रम में श्रीमान व्यास जी का अभिनंदन पत्र भेंट कर जोधपुर पारीक समाज की ओर से स्वागत-अभिनंदन करेगी। (उक्त भूमिदान में व्यास के मित्र गोविंद जी का विशेष सहयोग रहा जिन्होंने इस भूमि के विकास का कार्य किया है) पारीक समाज जोधपुर के आकार में वर्तमान में एक धनात्मक परिवर्तन आया है।
वर्तमान में जोधपुर शहर में लगभग 900 से 1000 परिवार एवं समस्त जिले में लगभग 1300 से 1400 परिवार निवास करते है। समाज को वर्तमान में एक आधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण विशाल भवन की आवश्यकता अनुभव होती है। इस हेतु किये गए इस सर्वप्रथम भूमिदान के पश्चात श्री पारीक हितकारिणी सभा एवं पारीक समाज की बहुप्रतीक्षित भवन योजना को धरातल पर उतारने का कार्य पराशर भगवान के आशीर्वाद एवं भारतवर्ष के सम्पूर्ण पारीक समाज के सहयोग से परिपूर्ण होता नजर आ रहा है।
इस सम्पूर्ण प्रक्रिया हेतु आज हुए लघु कार्यक्रम में हरिनारायण पारीक (भोमजी), माधवप्रसाद पारीक,चंद्रशेखर व्यास, बुद्धराज पारीक, दिनेश व्यास, दिलीप पारीक एवं नरेश उपस्थित रहे।
