लखनऊ: यूपी के लखनऊ में बड़ी आतंकी साजिश का पर्दाफाश हुआ है।लखनऊ के काकोरी (Kakori) में रविवार दोपहर को एटीएस (UP ATS) और कमांडो के साथ पुलिस की सतर्कता से दो संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों 15 अगस्त से पहले प्रदेश में धमाके करने की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार दोनों आतंकी अंसार गजवातुल हिंद के सदस्य हैं। पूछताछ में ATS को कुछ और संदिग्धों के बारे में भी जानकारी मिली है। जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार दोनों आतंकियों के पास से भारी मात्रा में विस्फोटक सामान भी बरामद हुआ है। आतंकियों से पूछताछ के दौरान कई बड़े खुलासे हुए हैं। पूछताछ में पाकिस्तान कनेक्शन भी निकला है।
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि एटीएस को सूचना मिली थी कि काकोरी क्षेत्र में दुबग्गा चौराहे के पास एक घर में आतंकी सोए हुए हैं। इसके बाद एटीएस और पुलिस मौके पर पहुंच गई। साथ में कमांडो भी थे। कुछ ही देर में पूरे इलाके को पुलिस ने घेर लिया। ATS ने ऑपरेशन शुरू किया। सर्च ऑपरेशन के दौरान ATS ने अंसार गजवातुल हिंद के दो आतंकियों को धर दबोचा। गिरफ्तार दोनों आतंकी मिनाज अहमद पुत्र सिराज अहमद निवासी रिंग रोड बगारिया जेहटा बरावन कला थाना काकोरी और मसीरुद्दीन उर्फ मुशीर पुत्र अमीरुद्दीन निवासी मोहिबुल्लपुर, सीतापुर रोड, थाना मड़ियाहूं हैं। गिरफ्तार आंतकवादियों के कब्जे से दो प्रेशर कुकर बम और अर्धनिर्मित बम एवं बारूद बरामद हुआ है। इसके अलावा कई असलहे भी मिले हैं।
15 अगस्त से पहले यूपी को दहलाने की साजिश नाकाम
15 अगस्त से पहले यूपी को दहलाने की साजिश रचने की घटना नाकाम हो गई है। एडीजी प्रशांत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आतंकियों से पूछताछ के दौरान पता चला है कि आतंकी घटनाओं का हैंडलर उमर हलमंडी है जो पाकिस्तान के पेशावर में बैठकर साजिश रच रहा था। गिरफ्तार दोनों आतंकी यूपी के कई शहरों में 15 अगस्त से पहले बड़ा धमाका करने की तैयारी में थे। वह केवल मौके की तलाश में थे, लेकिन उससे पहले ही दोनों को एटीएस ने धर दबोचा। एडीजी ने पत्रकारों को बताया कि पूछताछ के दौरान करीब 10 से 15 और लोगों के होने की सूचना मिली है जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। पूछताछ में यह भी पता चला है कि उनके कुछ साथी कानपुर में भी छिपे हैं। दोनों को अभी रिमांड पर भेजा गया है। माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
