पाली: लीवर कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से जूझ रहे जोधपुर के 8 साल के शुभम लखारा के लिए बॉलीवुड स्टार सोनू सूद (Sonu Sood) मानवदूत बन गए हैं। सोनू सूद की मदद से शुभम का लीवर ट्रांसप्लांट का ऑपरेशन हैदराबाद के अपोलाे अस्पताल होगा। ऑपरेशन में करीब 30 लाख रुपए का खर्च आएगा, यह पैसा सोनू सूद ट्रस्ट (Sonu Sood) उठाएगा। आज रात साढ़े 9 बजे शुभम को लेकर उनका परिवार हैदराबाद के लिए रवाना होगा।
AIIMS के डॉक्टरों ने लीवर ट्रांसप्लाट ही अंतिम उपाय बताया था, लेकिन इस ऑपरेशन में होने वाला खर्चा शुभम का परिवार उठाने में सक्षम नहीं था। खबरों के जरिए जब सोनू सूद (Sonu Sood) को शुभम के बारे में पता चला, तो उन्होंने अपने ट्रस्ट से जुड़े हितेश जैन को शुभम के घर भेजा। इसके बाद एक्टर ने शुभम के परिवार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बात की और इलाज का आश्वासन दिया। यह बात सुन शुभम के परिजन भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि आप हमारे लिए देवदूत से कम नहीं हो।
परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं
जोधपुर के चांदना भाखर क्षेत्र में रहने वाले अर्जुन लखारा फैंसी आइटम बेचने का ठेला चलाते हैं। उससे जो कमाई होती है उससे बड़ी मुश्किल से अपने घर का गुजारा कर पते है। शुभम के पिता अर्जुन ने बताया कि पेट दर्द की शिकायत होने पर शुभम को जनवरी 2021 में एम्स में दिखाया था। यहां जांच में बेटे के लीवर में कैंसर होने का पता चला। डॉक्टरों ने भी बोल दिया था कि शुभम को जिंदा रखने के लिए लीवर ट्रांसप्लाट ही एक मात्र उपाय है। ये ऑपरेशन हैदराबाद में होगा और इसमें करीब 30 लाख रुपए खर्च आएगा। साथ ही परिवार के किसी सदस्य को लीवर डोनेट करना होगा। शुभम की मां दुर्गादेवी लीवर डोनेट करेंगी।
