लखनऊ : उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सियासी बिसात बिछाई जाने लगी है। तीन दशक से सूबे की सत्ता से बाहर कांग्रेस के सियासी वनवास को खत्म करने के लिए प्रियंका गांधी ने मोर्चा संभाल लिया है। प्रियंका गांधी ने यूपी के तकरीबन 50 नेताओं को खुद फोन करके चुनाव लड़ने के लिए हरी झंडी दे दी है। इतना ही नहीं अगस्त तक कांग्रेस ने प्रदेश की 200 से ज्यादा सीटों पर उम्मीदवारों की लिस्ट फाइनल करने का टारगेट रखा है, जिसके तहत प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने जोन वाइज मीटिंग कर प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
यूपी में कांग्रेस के 50 कैंडिडेट फाइनल!
कांग्रेस महासचिव व यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी ने इसी जून के पहले सप्ताह में यूपी के करीब 50 नेताओं को फोन करके 2022 का चुनाव लड़ने के लिए बोल दिया है। प्रियंका ने साफ कह दिया है कि चुनाव की तैयारी करें, टिकट आपका कन्फर्म है। इसी के साथ 2017 में जीते 7 में से 5 विधायकों को भी चुनाव लड़ने की हरी झंडी मिल गई है। प्रियंका ने इन सभी नेताओं से कह दिया है कि वह पूरा फोकस अपने क्षेत्र पर रखें और लोगों की ज्यादा से ज्यादा मदद करें। इसके अलावा हर किसी के सुख-दुख में शामिल हों और उन्हें सरकार की खराब नीतियों के बारे में बताएं।
सूत्रों की मानें तो प्रियंका गांधी ने यूपी के जिन कांग्रेसी नेताओं को कॉल करके चुनाव लड़ने के लिए कहा है, उनमें शामली से पंकज मालिक, पुरकाजी से दीपक कुमार, बेहट से नरेश सैनी, सहारनपुर से मसूद अख्तर, विलासपुर से संजय कपूर, चमरौआ से यूसुफ अली तुर्क, इलाहाबाद से अनुग्रह नारायण, पिंडरा से अजय राय, मड़िहान से ललितेश त्रिपाठी, जैदपुर से तनुज पुनिया, तमकुहीराज से अजय कुमार लल्लू, रामपुर खास से आराधना मिश्रा मोना, जौनपुर से नादीम जावेद, मथुरा से प्रदीप माथुर, कोल से विवेक बंसल, कानपुर कैंट से सुहेल अंसारी और फरेंदा से वीरेंद्र चौधरी सहित तमाम दिग्गज नेता शामिल हैं।
प्रियंका ने चुनाव लड़ने की हरी झंडी दी
कांग्रेस यूपी प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी ने एक न्यूज़ चैनल से बातचीत करते हुए इस बात की पुष्टि भी की है कि उन्हें प्रियंका गांधी ने चुनाव लड़ने के लिए मौखिक तौर पर बोला है। उन्होंने बताया कि पिछले चुनाव में तैयारियों का वक्त कम मिल पाया था, जिसके बावजूद मैं 70 हजार से ज्यादा वोट लेकर आया था और महज 1200 वोटों से चुनाव हारा था। इस बार सात महीने पहले हमें जिस तरह से प्रियंका गांधी ने चुनाव लड़ने के लिए बोला है, उससे हमें ज्यादा से ज्यादा समय क्षेत्र में रहने और चुनाव तैयारी करने को मिलेगा।
वहीं, पश्चिम यूपी के शामली सीट से पंकज मालिक ने भी स्वीकार किया है कि प्रियंका गांधी ने उन्हें चुनाव लड़ने के लिए बोल दिया है। पंकज मलिक ने कहा है कि लिस्ट अभी कोई आई नहीं है, लेकिन प्रियंका गांधी ने मौखिक तौर पर कहा है कि 2022 की चुनावी तैयारी में जुट जाएं और टिकट की चिंता न करें। उन्होंने कहा कि पश्चिम यूपी में हम मजबूती के साथ चुनाव लड़ेंगे और जल्द ही तमाम सीटों पर कैंडिडेट तय कर लेंगे।
