भरतपुर: खेरिया में शुक्रवार रात 12.30 बजे स्कूल संचालक और उसके दो बेटों ने ITI कॉलेज डायरेक्टर के बेटे का गला रेत दिया। युवक ITI काॅलेज के कमरे में सो रहा था। हमलावर उसे मरा समझकर वहां से निकल गए, लेकिन वह बच गया। लहूलुहान युवक को लगा कि कहीं उसकी मृत्यु के बाद हमलावर बच न जाएं, इसलिए उसने फर्श पर ही अपने खून से उनके नाम लिख दिए। तीनों हमलावर युवक के पड़ोसी बताए जा रहे हैं। रुदावल पुलिस ने कमरे को सील कर दिया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
SHO मनीष शर्मा ने बताया कि घायल खेरिया निवासी भानू शर्मा (20) है। रात साढ़े 12 बजे गांव के ही नवीन, सोनू व उनके पिता रामकुमार कमरे में आए। इन्होंने उसके कमरे का गेट खुलवाया। जैसे ही भानू ने दरवाजा खोला सोनू ने उसका मुंह बांध दिया। रामकुमार और नवीन ने धारदार हथियार से उसके हाथ व गला रेत दिया।
भाई को आवाज देकर बुलाया
बदमाशों के जाने के बाद घायल भानू ने मदद के लिए अपने बड़े भाई राहुल को आवाज लगाई। राहुल ऊपर के ही कमरे में सो रहा था। इस दौरान भानू ने जमीन पर अपने खून से आरोपियों का नाम भी लिखा। मौके पर पहुंचे राहुल ने भानू को अस्पताल पहुंचाया। इसके साथ पुलिस और परिवार को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हत्या के कारण का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है। दोनों में रंजिश भी नहीं बताई जा रही।
पड़ाेसी होने के कारण रात में खोल दिया था दरवाजा
घायल भानू के पिंता उत्तम शर्मा ने बताया कि तीनों हमलावर उनके पड़ाेसी हैं। इनका काॅलेज के बगल में स्कूल और घर है। नवीन से जान-पहचान का होने के कारण भानू ने रात में दरवाजा खोल दिया था। हमले के बाद आरोपी जाते समय भानू का मोबाइल तोड़कर कमरे की बिजली बंद कर गए।
पुलिस परिजनों से पूछताछ में जुटी
फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों की तलाश में जुटी है। उनके परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही, दोस्तों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। इससे जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो सके। वहीं घायल भानू का इलाज चल रहा है। भानू के गले में गहरा कट का निशान है। जो आगे के पूरे हिस्से में लगा है।
