जयपुर: राजस्थान की गहलोत सरकार ने वैक्सीनेशन नियम में बदलाव कर 18 से 44 एज ग्रुप वालों को राहत दी है। केन्द्र सरकार की ओर से जारी नये नियमों के बाद राज्य सरकार ने भी ऑन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन और वैक्सीनेशन की सुविधा शुरू की है। यह नियम 26 मई से प्रदेश में लागू हो जाएगा। वैक्सीन की वेस्टेज को रोकने के लिए यह नई व्यवस्था की गई है। ऑनलाइन स्लॉट लेने के बाद भी लगभग 5-7 फीसदी लोग वैक्सीन लगवाने सेंटर पर नहीं आ रहे, जिसके कारण वैक्सीन खराब हो रही है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को जारी आदेश के मुताबिक, ऑन स्पॉट (वैक्सीन सेंटर पर) रजिस्ट्रेशन की सुविधा केवल सरकारी सेंटर पर ही उपलब्ध होगी। प्राइवेट सेंटर पर अभी ये सुविधा शुरू नहीं हुई है। वहीं ग्रामीण इलाकों में एक बड़ा तबका ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया नहीं समझता। इस कारण उस व्यक्ति को भी वैक्सीन लगवाने में समस्या आ रही है। इन दोनों ही परिस्थितियों को देखते हुए सरकार ने यह निर्णय किया है।
वैक्सीनेशन को लेकर मारामारी मची हुई है
राजस्थान में वैक्सीनेशन को लेकर अभी जबरदस्त मारामारी मची हुई है। लाखों लोगों ने कोविन एप पर रजिस्ट्रेशन तो करवा रखा है, लेकिन उन्हे वैक्सीन लगाने के लिए ऑनलाइन स्लॉट नहीं मिल रहा। शहर के लोग ग्रामीण इलाकों में बने सरकारी वैक्सीनेशन सेंटर पर स्लॉट बुक करवाकर वहां वैक्सीन लगवाने जा रहे हैं।
