जयपुर। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध डाॅ. रवि प्रकाश मेहरडा ने कहा कि त्रिस्तरीय जन अनुशासन लाॅक डाउन के दौरान अनुमत गतिविधियों के अतिरिक्त अनावश्यक रूप से सार्वजनिक स्थलों व सडकों पर घूमने वालों के विरूद्ध नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जा रही है। डाॅ. मेहरडा ने लाॅकडाउन के दौरान आमजन से अपने घरों में ही रहने की अपील की है।
अब तक 23.28 लाख चालान
डाॅ. मेहरडा ने बताया कि राजस्थान पुलिस द्वारा कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए राजस्थान एपिडेमिक अध्यादेश के तहत अब तक 23 लाख 28 हजार से अधिक व्यक्तियों का चालान किया जा चुका है। रविवार को कुल 28 हजार 338 चालान किये गये। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए लागू हैल्थ प्रोटोकाॅल के अनुसार मास्क लगाना, निर्धारित भौतिक दूरी रखना एवं हाथों की सफाई सहित अन्य सतर्कताएं बरतना आवश्यक है।
