जयपुर। कोरोना महामारी के वायरस से दूषित हुए वातावरण को सैनेटाइज करने के लिए अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में 26 मई बुद्ध पूर्णिमा को सुबह 8 से 10 बजे के बीच विश्व स्तरीय गृहे-गृहे यज्ञ अभियान के अन्तर्गत घर-घर में गायत्री यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यज्ञ की दक्षिणा के रूप में सभी को वर्षा ऋतु में अधिकाधिक पौधे लगाने और वर्षा जल के संरक्षण का संकल्प दिलाया जाएगा। गुरूवार को ब्रह्मपुरी स्थित गायत्री शक्तिपीठ में वेदमाता गायत्री को निमंत्रण देते हुए पोस्टर का विमोचन किया गया।

5 हजार घरो में यज्ञ का लक्ष्य
गायत्री परिवार, जयपुर के समन्वयक ओमप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि जयपुर जोन में पांच हजार घरों में यज्ञ का लक्ष्य रखा गया है। इसकी तैयारियां शुरू हो गई है। कोरोना महामारी के कारण यज्ञ का संचालन जूम एप पर किया जाएगा। यज्ञ से जुड़ी सभी जानकारियां व्हाटसप के माध्यम से दी जा रही है।
गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी के व्यवस्थापक रणवीर सिंह चौधरी ने बताया कि विश्वव्यापी संकट निवारण, दिवंगतों की आत्म शांति, पीडि़तों के पीड़ा निवारण एवं कोरोना वारियर्स की अमूल्य सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त करने लिए हो रहे इस सामूहिक अनुष्ठान में काई भी व्यक्ति शामिल हो सकता है।
घर पर ही तैयार करें हवन सामग्री
कोरोना संक्रमण के कारण गायत्री शक्तिपीठ और चेतना केन्द्र श्रद्धालुओं के लिए बंद है। ऐसे में घर पर ही हवन सामग्री तैयार करने को कहा गया है। चावल, जौ, तिल, गुगल धूप, नारियल के टुकड़े, कपूर, लौंग, इलायची को मिलाकर हवन सामग्री तैयार कर लें। हवन कुंड नहीं हो तो देसी गाय के गोबर को जलाकर देसी गाय के घी से आहुतियां दे सकते हैं। इतना भी नहीं कर सकते तो घी के पांच दीपक जलाकर चावल के माध्यम से आहुतियां दे सकते हैं।
Read More: मसीहा बन सोनू सूद ने ब्लैक फंगस ग्रसित महिला की जान बचाई
