मसीहा बन सोनू सूद ने ब्लैक फंगस ग्रसित महिला की जान बचाई

impact voice news

श्रीगंगानगर। कोरोना संक्रमण काल में पीड़ितों की जान बचाने और उन्हें अनेक तरह से राहत पहुंचाने का बीड़ा उठाए हुए बॉलीवुड के फिल्म अभिनेता सोनू सूद श्रीगंगानगर में ब्लैक फंगस पीड़ित एक महिला के लिए मानव देवदूत बन गए। अस्पताल में जीवन मृत्यु से संघर्ष कर रही इस महिला के परिवार जनों का सोशल मीडिया के जरिए ऐसे अनेक लोगों से संपर्क हुआ, जिन्होंने सोनू सूद तक बात पहुंचाई। सोनू सूद ने तूफानी गति से आवश्यक इंजेक्शन श्रीगंगानगर पहुंचाएं, जिससे अब इस महिला की हालत खतरे से बाहर है।

सोशल मीडिया पर गुहार लगाई

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय जवाहरनगर में सिहाग हॉस्पिटल के पीछे वाली गली की निवासी मनजीतकौर को कुछ दिन पहले कोरोना हो गया था।इससे उभरते ही वह ब्लैक फंगस की चपेट में आ गई। उन्हें सुखाड़ियानगर मार्ग पर टांटिया जनरल हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। ब्लैक फंगस की वजह से मनजीतकौर की हालत बिगड़ने लगी। जान बचाने के लिए आवश्यक लिपोसोमाल एम्फोट्रसीन-बी नहीं मिल पा रहे थे। टांटिया हॉस्पिटल वालों के भरसक प्रयास भी जब कामयाब नहीं हुए तो इस इंजेक्शन के लिए मनजीतकौर के परिवार जनों ने सोशल मीडिया में गुहार लगाई।

मसीहा बने सोनू सूद

मनजीत कौर की एक पुत्री कमल कौर ने एफएम रेडियो के जरिए संदेश प्रसारित करवाया। फलस्वरुप बैंकवूर के एक समाजसेवी बाबी कंडा ने संपर्क किया। कमलकौर से सारी जानकारी लेकर बॉबी कंडा ने मुंबई में फिल्म अभिनेता सोनू सूद की संस्था सोनू सूद फाउंडेशन तक बात पहुंचाई। तत्पश्चात यह संस्था सक्रिय हो गई। संस्था के संचालकों ने राजस्थान में अपने जानकारों से संपर्क किया। खुद सोनू सूद ने यहां टांटिया हॉस्पिटल में मनजीत कौर का इलाज कर रहे डॉ. अभिषेक गुप्ता से बातचीत की। उनकी संस्था के कार्यकर्ताओं ने मनजीतकौर के इलाज से संबंधित सभी डॉक्यूमेंट व्हाट्सएप तथा ई-मेल पर मंगवा कर देखें। डॉ अभिषेक गुप्ता ने बताया कि मनजीतकौर की जिंदगी बचाने के लिए कम से कम यह दो इंजेक्शन लगाया जाना बहुत ही जरूरी है।

टैक्सी चालक ने निभाया मानवता का धर्म

जानकारी के मुताबिक सोनू सूद फाउंडेशन द्वारा पूरी तसल्ली और पुष्टि करने के बाद तुरंत ही मुंबई से हवाई जहाज द्वारा इंजेक्शन दिल्ली पहुंचाए गए। दिल्ली में पहले से ही इस फाउंडेशन ने एक टैक्सी चालक का इंतजाम किया हुआ था। टैक्सी चालक कल बुधवार हवाई अड्डे पर इंजेक्शन मिलते ही श्रीगंगानगर रवाना हो गया। कल देर शाम यहां पहुंच कर टांटिया हॉस्पिटल में 2 इंजेक्शन देकर वह तुरंत ही आगे निकल गया। उसने राजस्थान में ऐसे जरूरतमंद व्यक्तियों को 10 और इंजेक्शन पहुंचाने थे। इसका सारा खर्च सोनू सूद फाउंडेशन ने वहन किया। टैक्सी चालक चाय पीने के लिए भी नहीं रुका।

वीडियो संदेश के माध्यम से सोनू सूद का धन्यवाद

इंजेक्शन लगाए जाने के बाद मनजीतकौर की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। चिकित्सकों का कहना है कि अब उसकी जिंदगी बच जाएगी। कमल कौर ने आज सोशल मीडिया में अपने वीडियो संदेश के माध्यम से सोनू सूद और उस टैक्सी चालक का बहुत ही भावुक शब्दों में शुक्रिया अदा किया है, जिसने समय पर यह इंजेक्शन पहुंचाएं। वीडियो संदेश में कमल कौर ने पूरा वृतांत बताया कि कैसे सोनू सूद तक उनकी गुहार पहुंची और उन्होंने और उनकी फाउंडेशन के लोगों ने कैसे आगे बढ़कर मां की जिंदगी बचाने के लिए दिन रात एक कर दिया।

उन्होंने कहा कि ऐसी विपदा के समय अगर लोग इसी प्रकार एक दूसरे की मदद के लिए आगे आएंगे तो न केवल इस महामारी का मुकाबला कर पाएंगे बल्कि मानवता की भलाई के लिए इससे बढ़कर कोई और कार्य नहीं हो सकता। आज कोरोना और ब्लैक फंगस से पीड़ित लोगों को इसी प्रकार की मदद दरकार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *