जयपुर : राजधानी जयपुर में बादल खूब गरजे, पर बरसे नहीं। राज्य के कई अन्य जिलों पर मौसम मेहरबान हुआ और जमकर बारिश हुई। अलवर के मुंडावर में तो ओले तक गिरे हैं, जबकि झुंझुनूं और सीकर में आंधी के बाद तेज बारिश हुई है। दौसा में बूंदाबांदी का दौर चल रहा है। कुछ स्थानों पर बिजली भी चमक रही है। बीकानेर, दौसा और धौलपुर में मौसम सुहाना हो गया है। भरतपुर में देर शाम बदला मौसम आफत लेकर आया। बिजली गिरने से एक दंपति की मौत हो गई।
शेखावटी में जोरदार बारिश
सीकर, झुंझुनूं सहित कई जिलों में तेज आंधी के बाद बारिश हुई। आंधी इतनी तेज थी कि जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा। आंधी से आई धूल घरों में घुस गई। पेड़ों की टहनियां टूट कर गिर गईं। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश से जगह-जगह पानी भर गया। मौसम भी सुहाना हो गया। पश्चिमी विक्षोभ के कारण एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया।
मारवाड़ में तेज आंधी से जनजीवन प्रभावित
जोधपुर में तेज आंधी के बाद बारिश हुई,जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा। तेज आंधी से पुलिस की तम्बू उड़ गए। तेज हवाओं के साथ बूंदा बंदी का दौर जारी रहा जिससे मौसम भी सुहाना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, इस तरह का मौसम आने वाले दिनों में भी रहने वाला है। कई अन्य जिलों में बारिश के आसार हैं।
