- जिन गांव में पॉजिटिव केस हो, उन में मनरेगा की मजदूरी 15 मई तक बंद
- दूसरों को सुरक्षित करना है तो पॉजिटिव लोगों को अलग ही रहना पड़ेगा
मध्यप्रदेश: मध्यप्रदेश(Madhya Pradesh) में कोरोना अब बड़े शहरों से ज्यादा छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों में पैर पसार रहा है। इसे देखते हुए राज्य में कोरोना कर्फ्यू यानी लॉकडाउन(Lockdown) 15 मई तक बढ़ा दिया गया है। प्रदेश में पहले से ही वीकेंड लॉकडाउन होने की वजह से लॉकडाउन 17 मई सुबह 6 बजे तक रहेगा।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘किल कोरोना अभियान पार्ट-2’ को हुई वर्चुअल कॉन्फ्रेंस में कहा कि अब कोरोना कर्फ्यू का सख्ती से पालन करना होगा। गांवों में संक्रमण नहीं रोका गया, तो स्थिति काबू से बाहर हो जाएगी।
शिवराज बोले- कोरोना कर्फ्यू सख्ती से लागू करें
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब गांवों में भी संक्रमण फैल रहा है। ऐसे में जरा भी ढिलाई की, तो बड़े संकट में फंस जाएंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना कर्फ्यू को सख्ती से लागू करने का फैसला स्थानीय स्तर पर होगा। क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप सबकी सहमति से निर्णय लेगा।
मध्यप्रदेश में एक्टिव केस की संख्या
मध्यप्रदेश में एक्टिव केस की संख्या 88,614 पहुंच गई है। हालांकि पॉजिटिविटी रेट घट कर 18.2% हो गया है। स्वास्थ्य विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक इंदौर में 1,782, भोपाल में 1,584, ग्वालियर में 1020 और ग्वालियर में 870 नए संक्रमित मिले है। प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 6 लाख 37 हजार 404 हो गई है। जबकि स्वस्थ्य हुए मरीजों की संख्या 5 लाख 42 हजार 632 हो गई है।
