नई दिल्ली। पूरे देश में कोरोना से हाहाकार मचा हुआ है। भारत में प्रत्येक दिन कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या एक रिकॉर्ड बना रही है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने प्रधानमंत्री मोदी को एक खत भेजा है. जिसमें उन्होंने भारत के मौजूदा हालात को लेकर संवेदना प्रकट की है। इस खत के माध्यम से उन्होंने पीएम मोदी को भरोसा दिलाया है कि महामारी के इस दौर में चीन भारत के साथ हर स्तर पर सहयोग देने को तैयार है। उन्होंने भारत को महामारी से लड़ने के लिए सभी तरह के मदद देने का भरोसा दिया है।
शी जिनपिंग ने लिखा, ‘भारत में कोरोना महामारी के मौजूदा हालत को लेकर काफी चिंतित हूं। चीन सरकार और चीनी नागरिकों की ओर से मैं भारतीय नागरिकों और भारत सरकार के प्रति सहानुभूति प्रकट करता हूं। इसके साथ ही उन्होंने मानवता की दुहाई देते हुए कोरोना महामारी के मौजूदा दौर में भारत को यथासंभव मदद का भरोसा दिया है। उन्होंने भरोसा दिखाते हुए कहा है कि भारत सरकार और भारत के लोग जल्द ही इस महामारी से उबर जाएंगे।
