नई दिल्ली:भारत में कोरोना वायरस की दूसरी लहर के बढ़ते मामलों के बीच एक चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आ रही है। वियतनाम के स्वास्थ्य मंत्री ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वियतनाम में कोरोना वायरस के एक नए वेरिएंट का पता लगाया गया है। जानकारी के मुताबिक, यह भारतीय और यूके COVID-19 वेरिएंट का एक संयोजन है और हवा से तेजी से फैलता है। भारत में मिले कोरोना वेरिएंट को B.1.617.2, जबकि ब्रिटेन में मिले वेरिएंट को B.1.1.7 नाम दिया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री गुयेन थान लॉन्ग ने इसे दो वेरिएंट का संयोजन बताते हुए कहा कि वियतनाम ने भारत और यूके में पाए जाने वाले दो मौजूदा वेरिएंट से मिलकर एक नया हाइब्रिड COVID-19 वेरिएंट का पता लगाया है। उन्होंने बताया कि इस वेरिएंट ने चिंता बढ़ा दी हैं क्योंकि यह अन्य वेरिएंट के मुकाबले हवा में तेजी से फैलता है।
हालांकि इस मामले में WHO की तरफ से कोई भी बयान सामने नहीं आया है। जानकारी के मुताबिक वियतनाम में इससे पहले सात वेरिएंट्स पाए जा चुके हैं, जिसमें भारत और ब्रिटेन में मिला वेरिएंट भी शामिल है।
