ऑस्ट्रेलिया : दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच फेडरल कोर्ट में केस हार गए है। केस हारने के बाद अब उनको ऑस्ट्रेलिया से वापस भेजा जाएगा। साथ ही फेडरल कोर्ट ने उनके ऊपर 3 साल के लिए ऑस्ट्रेलिया में एंट्री के लिए बैन भी लगा दिया है। चीफ ऑलसॉप ने कहा कि नोवाक जोकोविच के वीजा बहाल करने की अपील को खारिज कर दिया गया है। इससे पहले आज सुबह ऑस्ट्रेलिया ओपन के आयोजकों ने कहा था कि जोकोविच रॉड लेवर एरिना में ओमिर केकमानोविच के खिलाफ पहले दौर का मैच सोमवार को खेलेंगे।
ऑस्ट्रेलिया सरकार ने बताया था जोकोविच को सार्वजनिक खतरा
ऑस्ट्रेलिया सरकार ने जोकोविच को सार्वजनिक खतरा बताया है। ऑस्ट्रेलिया ओपन टूर्नामेंट में आने से पहले जोकोविच कोरोना संक्रमित थे, इसके बावजूद पिछले महीने अपने देश सर्बिया के कई कार्यक्रमों में भाग लिया था। जोकोविच ने खुद माना था कि उन्होंने पॉजिटिव रहते हुए भी एक पत्रकार से मुलाकात की थी। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में प्रवेश करने के लिए इमिग्रेशन फॉर्म में गलतियां भी की थीं। इसके कारण वो जैसे ही ऑस्ट्रेलिया पहुंचे उनका वीजा रद्द कर दिया गया था।
पहले जीत चुके हैं केस
जोकोविच का दूसरी बार वीजा रद्द किया गया है। पहली बार वीजा रद्द होने के मामले में नोवाक ने ऑस्ट्रेलिया सरकार के खिलाफ केस जीत लिया था। मेलबर्न कोर्ट ने ऑस्ट्रेलियाई सरकार द्वारा जोकोविच के वीजा रद्द करने के फैसले को गलत माना था। अदालत ने आदेश दिया था कि उनका पासपोर्ट और बाकी जो भी सामान सरकार द्वारा जब्त किया गया है, उसे तुरंत वापस किया जाए। इसके बाद उन्होंने अभ्यास भी शुरू कर दिया था।
