लंदन : इंग्लैंड के ऑलराउंडर प्लेयर मोईन अली ने सोमवार को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। 34 साल के मोइन ने 64 टेस्ट मैच खेले और 195 विकेट हासिल किए। उन्होंने अपने करियर के दौरान पांच शतक भी लगाए। मोईन फिलहाल UAE में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से IPL खेल रहे हैं। माना जा रहा है कि वो टी-20 विश्व कप 2021 में इंग्लिश टीम का हिस्सा होंगे। इस साल के अंत में एशेज सीरीज होनी है। कहा जा रहा था कि वो इस सीरीज का भी हिस्सा होंगे, लेकिन इस बीच उन्होंने संन्यास ले लिया।
ऐसा रहा मोईन अली का टेस्ट करियर
सात साल पहले 12 जून 2014 को मोईन अली ने श्रीलंका के खिलाफ लॉर्ड्स में अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था। वह इंग्लैंड के लिए अब तक 64 टेस्ट मैच खेल चुके हैं। इस दौरान 2914 रन बनाए और 195 विकेट झटके। टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वोच्च स्कोर 155 रन नाबाद है। जबकि 53 रन देकर 6 विकेट आउट करना उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट भारत के खिलाफ लंदन के द ओवर में 2 सितंबर 2021 को खेला था।
टेस्ट क्रिकेट से लिया था ब्रेक
मोईन अली ने 2019 में 5 टेस्ट मैच खेलने के बाद अनिश्चितकाल के लिए ब्रेक लिया था। इसके बाद भारत दौरे पर उनकी चेन्नई टेस्ट में वापसी हुई। वहीं, भारत के इंग्लैंड दौरे पर उन्होंने तीन टेस्ट मैच इंग्लैंड के लिए खेले। हालांकि इस दौरान उनका प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा।
एशेज सीरीज से पहले लिया संन्यास
इस साल के आखिर में इंग्लैंड की टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एशेज सीरीज खेलने जाएगी। जिसकी शुरुआत दिसंबर से होगी। ऐसे में मोईन अली का टीम में न होना इंग्लैंड के लिए परेशानी बन सकती है। क्योंकि मोईन बल्ले और गेंद से जोरदार प्रदर्शन करने के लिए जाने जाते हैं।
