नई दिल्ली : टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी टी-20 वर्ल्ड कप में टीम के साथ बतौर मेंटर नजर आएंगे, लेकिन वे इस काम के लिए BCCI से कोई फीस नहीं लेंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव जय शाह ने यह जानकारी दी है। शाह ने बताया कि एमएस धोनी टी-20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम के मेंटर के रूप में अपनी सेवाओं के लिए कोई मानदेय नहीं ले रहे हैं।
मेंटर की भूमिका में नजर आएंगे धोनी
17 अक्टूबर से ओमान और UAE के मैदानों पर टी-20 वर्ल्ड कप का आगाज होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट के लिए चुनी गई भारतीय टीम में धोनी को बतौर मेंटर टीम के साथ जोड़ा गया है। वह ड्रेसिंग रूम से खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते नजर आएंगे। वर्ल्ड कप जैसे टूर्नामेंट के लिए धोनी को मेंटर के पद पर नियुक्त किया जाना भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ा पॉजिटिव कदम माना जा रहा है। बता दें कि धोनी ने 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।