नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका में मिले कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के तेजी से प्रसार के कारण ICC ने पड़ोसी देश जिम्बाब्वे में चल रहे महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के क्वालिफायर को रद्द कर दिया है। ICC ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। हरारे में खेले जा रहे क्वालिफायर में बांग्लादेश, पाकिस्तान और वेस्टइंडीज को ICC रैकिंग में टॉप टीम होने के कारण वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई घोषित कर दिया गया है।
टूर्नामेंट रद्द करने पर हो रही निराशा
आईसीसी के इवेंट प्रमुख क्रिस टेटले ने टूर्नामेंट रद्द करते हुए कहा कि हमें यह कहते हुए निराशा है कि कई देशों के अफ्रीकी देशों में यात्रा पर प्रतिबंध लगाने के बाद टूर्नामेंट रद्द करना पड़ रहा है। यह फैसला बहुत कम समय के नोटिस पर लिया गया है और नए वैरिएंट से टीमों पर भी खतरा है। अब टीमों को वापस लौटने में भी मुश्किल का सामना करना पड़ेगा।
भारत को भी करना है अफ्रीका का दौरा
भारत की ए टीम भी फिलहाल दक्षिण अफ्रीका दौरे पर है। दोनों के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। हालांकि, यह अनऑफिशियल सीरीज है। भारत को भी अगले महीन अफ्रीका का दौरा करना है। इस सीरीज पर खतरे के बादल मंडरा रहे हैं। जल्दी ही इस बीसीसीई इस सीरीज पर फैसला कर सकता है।
