पेरिस: पेरिस में चल रहे आर्चरी के वर्ल्ड कप स्टेज 3 टूर्नामेंट में भारत ने रविवार को 3 गोल्ड मेडल जीते। टूर्नामेंट में देश के नाम अब तक 4 स्वर्ण पदक हो गए हैं। दीपिका कुमारी ने एक दिन में देश को 3 गोल्ड दिलाए। पहले उन्होंने पति अतनु दास के साथ मिलकर मिक्स्ड इवेंट में गोल्ड पर निशाना साधा। यह पति-पत्नी की जोड़ी ओलिंपिक के लिए पहले ही क्वालिफाई कर चुकी है। दोनों से मेडल की भी बहुत उम्मीद है।
इसके बाद दीपिका के नेतृत्व में ही भारतीय महिला रिकर्व टीम ने गोल्ड जीता। टीम इवेंट में भारत ने मेक्सिको को 5-1 के साथ आसान शिकस्त दी। भारतीय टीम में दीपिका के अलावा अंकिता भगत और कोमोलिका बारी शामिल रहीं।
Deepika Kumari ?? takes gold in Paris! ??? #ArcheryWorldCup pic.twitter.com/0ZIxSceCFs
— World Archery (@worldarchery) June 27, 2021
दीपिका ने व्यक्तिगत इवेंट में भी गोल्ड जीता
दिन खत्म होने तक दीपिका ने व्यक्तिगत इवेंट में भी देश को गोल्ड दिलाया। इसमें उन्होंने रूस की एलिना ओसिपोवा को 6-0 से शिकस्त दी। एक दिन में तीन गोल्ड जीतने वाली दीपिका से ओलिंपिक में भी ऐसे ही बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है। इस साल टोक्यो ओलिंपिक 23 जुलाई से 8 अगस्त तक होना है।
बतौर पति-पत्नी पहला गोल्ड
अतनु दास और दीपिका कुमारी ने पहली बार पति-पत्नी के रूप में किसी इवेंट का फाइनल जीता है। यह बात खुद अतनु दास ने कही। वर्ल्ड कप के मिक्स्ड इवेंट में इस भारतीय जोड़ी ने नीदरलैंड के जेफ वान डेन बर्ग और गैब्रिएला शोलेसर को 5-3 से शिकस्त दी। मुकाबले में एक समय भारतीय जोड़ी 0-2 से पिछड़ रही थी। तभी दीपिका और अतनु ने शानदार वापसी करते हुए गोल्ड जीता। अतनु ने जीत के बाद कहा, ‘यह शानदार अहसास है। पहली बार हम एक साथ फाइनल में खेल रहे थे और हमने एक साथ जीत हासिल की, बहुत खुशी महसूस हो रही है।
पिछले साल हुई थी शादी
अतनु और दीपिका ने पिछले साल शादी की थी और 30 जून को उनकी पहली सालगिरह होगी। उन्होंने कहा, ‘ऐसा लगता है कि हम एक दूसरे के लिए बने हैं। लेकिन मैदान में हम युगल नहीं हैं बल्कि अन्य प्रतिस्पर्धियों की तरह हम एक दूसरे को प्रेरित करते हैं, सहयोग करते हैं और एक दूसरे का समर्थन करते हैं।

ओलंपिक के लिए कसी कमर
जुलाई में होने वाले टोक्यो ओलंपिक से पहले भारत का यह इस वर्ल्ड लेवल टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन रहा। दीपिका का 3 गोल्ड मेडल्स दिलाने में अहम रोल रहा। उन्होंने महिला व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा के फाइनल में रूस की एलिना ओसिपोवा को 6-0 से हराकर एक दिन में स्वर्ण पदकों की हैट्रिक पूरी की। इससे पहले वह मिश्रित और महिला रिकर्व टीम के स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा थीं।
अभिषेक भी गोल्ड जीत चुके
वर्ल्ड कप में अभिषेक वर्मा भी शनिवार को गोल्ड जीत चुके हैं। उन्होंने कंपाउंड राउंड में वर्ल्ड नंबर-5 अमेरिका के क्रिस स्कॉफ को शिकस्त दी। 32 साल के अभिषेक का वर्ल्ड कप में यह दूसरा व्यक्तिगत गोल्ड रहा। इससे पहले उन्होंने 2015 के वर्ल्ड कप स्टेज-3 में कंपाउंड राउंड में स्वर्ण पदक पर निशाना साधा था।
