नई दिल्ली: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले पांचवे टेस्ट पर पर संकट के बादल घिर गए हैं। 10 सितंबर से भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का अंतिम मुकाबला खेला जाना है,लेकिन मैनचेस्टर टेस्ट से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के जूनियर फिजियो योगेश परमार कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। BCCI के सूत्र ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि सहयोगी स्टाफ मेंबर योगेश परमार के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद मैनचेस्टर में भारतीय टीम का ट्रेनिंग सेशन कैंसिल कर दिया गया है।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कोलकाता में ‘मिशन डोमिनेशन’ की किताब के विमोचन के मौके पर कहा, “हमें नहीं पता कि इस समय मैच होगा या नहीं। उम्मीद है कि हमें कुछ खेल मिलेगा।’ खिलाड़ियों की आरटी-पीसीआर जांच की रिपोर्ट का अभी इंतजार है। हेड कोच रवि शास्त्री के ओवल टेस्ट मैच के दौरान संक्रमित पाए जाने के बाद से मुख्य फिजियो नितिन पटेल क्वारंटाइन पर हैं। परमार के पॉजिटिव आने से टीम इंडिया के पास अब एक भी फिजियो नहीं है।
BCCI ने इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) से फिजियो की सेवाएं मुहैया कराने के लिये कहा है। BCCI के एक सूत्र ने कहा, ‘आरटी पीसीआर परीक्षण का नतीजा दिन में बाद में आएगा जिसके आधार पर मैच के बारे में फैसला किया जाएगा। खिलाड़ियों को अपने अपने कमरों में रहने के लिये कहा गया है तथा आरटी पीसीआर परीक्षण किये जा रहे हैं। गौरतलब है कि रवि शास्त्री के अलावा फील्डिंग कोच आर. श्रीधर, बॉलिंग कोच भारत अरुण और फिजियो नितिन पटेल लंदन में आइसोलेशन में है। ओवल टेस्ट पांचवे दिन मैत जीतने के दौरान टीन के साथ सिर्फ बैटिंग कोच विक्रम राठौर ही थे।
भारत इस समय पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे है। भारत ने ओवल में इंग्लैंड को 157 रनों से हराकर सीरीज में बढ़त बनाई थी। टीम इंडिया ने ओवल में 50 साल बाद टेस्ट जीता था। भारत की तरफ से रोहित शर्मा, चेतेश्वर पुजारा, शार्दुल ठाकुर और जसप्रीत बुमराह ने जबरदस्त प्रदर्शन किया था। टीम इंडिया के पास इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज जीतने का शानदार मौका है।
