बीकानेर : राजस्थानी भाषा विषय लागू करने के लिए स्कूल-कॉलेजों से रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भेजी जाएगी। इसके लिए बीकानेर संभाग में राजस्थानी विषय पढ़ाने को तैयार स्कूल-कॉलेजों से प्रस्ताव भी लिए जाएंगे। बीकानेर संभाग के चारों जिलों श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और बीकानेर के सभी सरकारी स्कूलों से जिला शिक्षा अधिकारी और कॉलेजों से सहायक निदेशक के जरिये राजस्थानी भाषा लागू करने के लिए प्रस्ताव लिए जाएंगे।
शिक्षा निदेशालय और विश्वविद्यालय इसकी रिपोर्ट तैयार करेंगे जो राज्य सरकार को भेजी जाएगी। संभागीय आयुक्त और राजस्थानी भाषा-साहित्य, कला और संस्कृति अकादमी के अध्यक्ष नीरज के. पवन ने 31 जनवरी को संभाग के अधिकारियों की मीटिंग में दिशा-निर्देश दिए हैं। छात्र-छात्राएं राजस्थानी साहित्य को समझ सके, इसके लिए अकादमी की ओर से प्रकाशित की जा रही मासिक किताब जागती जोत को सभी स्कूल, कॉलेजों और लाइब्रेरी में उपलब्ध करवाने के लिए भी कहा गया है। मीटिंग में कलेक्टर, शिक्षा निदेशक सहित अनेक अधिकारी मौजूद थे।
