जयपुर: जलदाय मंत्री महेश जोशी ने विधानसभा में जयपुर में मल्टी स्टोरी बिल्डिंग्स के पानी कनेक्शन की दरें कम होने के संकेत दिए है। जलदाय विभाग की तकनीकी कमेटी राजधानी में मल्टी स्टोरी बिल्डिंग्स को पानी कनेक्शन देने की दरों को रिव्यू करने में लगी है। जल्द नई दरें सामने आने की संभावना है। विधानसभा में बीजेपी विधायक कालीचरण सराफ ने जयपुर में मल्टी स्टोरी बिल्डिंग्स में पानी कनेक्शन की दरें ज्यादा और अलग अलग होने पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लगाया था। इसके जवाब में जलदाय मंत्री महेश जोशी ने कहा कि प्रताप नगर, जगतपुरा और महल रोड पर मल्टीस्टोरी बिल्डिंग्स को उसके निर्मित क्षेत्र के हिसाब से 25 रुपए प्रति वर्ग फीट और बाकी जगहों पर 42 रुपए प्रति फीट की दर से पैसा लेकर पानी कनेक्शन दिए जा रहे हैं।
क्रेडाई और कुछ संस्थाओं ने 42 रुपए की दर को ज्यादा बताते हुए इसे कम करने की मांग की है। विभाग की तकनीकी समिति रिव्यू कर रह है, मल्टी स्टोरी बिल्डिंग्स की पानी कनेक्शन दरों पर यह समिति नया सर्कूलर जारी करेगी। हम किसी के साथ भेदभाव नहीं करना चाहते। हमें मल्टी स्टोरी में पानी कनेक्शन के लिए अलग से इंफ्रास्ट्रक्चर डवलप करना होता है इसलिए चार्ज लगाना होता है, फिर भी तकनीकी कमेटी फैसला करके राहत देगी।
बीजेपी विधायक कालचरण सराफ ने कहा कि जयपुर में 80 हजार मल्टी स्टोरी बिल्डिंग और चार लाख से ज्यादा फ्लैट हैं। पानी कनेक्शन की दरें अलग अलग और ज्यादा है। एक ही शहर मं अलग अलग दरें हैं। कई इलाकों में मल्टी स्टोरी में पानी कनेक्शन नहीं मिलने से लोग अपने स्तर पर ट्यूबवैल लगवा रहे हैं जहां पानी में फ्लोराइड की मात्रा ज्यादा है।सराफ ने कहा- जेडीए में बेटरमेंट लेवी और डवलपमेंट चार्ज जर्मा होता है। जयपुर में 10 हजार लोगों ने यह चार्ज जमा किया हुआ है। अभी तक केवल 3000 कनेक्शन हुए हैं। जब जेडीए में चार्ज जमा हो गया उसके बाद भी पानी कनेक्शन के रेट क्यों इतने हाई हैं। अगर मल्टी स्टोरी में पवानी कनेक्शन की दरें कम और तर्कसंगत होगी तो फ्लैट में रहने वालों को फायदा होगा और सरकार को करोड़ों का राजस्व मिलेगा।
