जयपुर: आज बजट की शुरुआत हंगामे के साथ शुरू हुई। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया के बजट की तुलना काली दुल्हन से करने के बयान से विधानसभा में हंगामा हो गया। शुरुआत महिला बाल विकास मंत्री ममता भूपेश ने की। गुरुवार को शून्यकाल के कामकाज की व्यवस्था देकर जैसे ही स्पीकर बैठे, महिला बाल विकास मंत्री ममता भूपेश ने सतीश पूनिया के बयान का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि आमेर विधायक ने बजट की तुलना काली दुल्हन से की, महिलाओं को पेश करने जैसी शब्दावली से संबोधित कर अपमान किया है, उन्हें माफी मांगनी चाहिए। मंत्री का सत्तापक्ष के विधायकों ने साथ दिया तो बीजेपी विधायकों ने भी विरोध शुरू कर दिया। सदन में करीब ढाई मिनट तक हंगामा होता रहा। स्पीकर के बीच बचाव के बाद भी हंगामा जारी रहा। हंगामे के कारण स्पीकर सीपी जोशी से विधानसभा की कार्यवाही को स्थगित कर दिया।
विधानसभा में गुरुवार को प्रश्नकाल और शून्यकाल की कार्यवाही के बाद तीन बिल रखे जाएंगे। उच्च शिक्षा राज्य मंत्री राजेंद्र यादव नकल रोकने का बिल सदन में रखेंगे। राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम के उपाय विधेयक 2022, गुरुकुल विश्वविद्यालय, सीकर और राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक सदन में रखे जाएंगे। तीनों बिलों पर बाद में बहस होगी। सदन में आज बजट पर बहस होगी। 4 से 5 दिन बहस के बाद मुख्यमंत्री का इस पर जवाब आएगा। बजट बहस के लिए विधानसभा स्पीकर आज सभी दलों के विधायकों को समय का आवंटन करेंगे। बीजेपी ने राज्यपाल के अभिभाषण पर हुई बहस में भी हिस्सा नहीं लिया था।
