Headlines

बेरोजगारों का सड़कों पर दंडवत लेटकर अनूठा प्रदर्शन,बोले- अब भी नहीं माने तो उग्र आंदोलन के लिए तैयार रहे सरकार

बेरोजगारों का सड़कों पर दंडवत लेटकर अनूठा प्रदर्शन,बोले- अब भी नहीं माने तो उग्र आंदोलन के लिए तैयार रहे सरकार

जयपुर: जयपुर के शहीद स्मारक पर 21 सूत्री मांगों को लेकर राजस्थान सरकार के खिलाफ बेरोजगारों का धरना 32 दिन भी जारी है। बेरोजगारों ने सड़क पर दंडवत लेट कर सरकार से गुहार लगाई है। राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि समय रहते सरकार बेरोजगारों की मांगों को पूरा कर दें। वरना प्रदेशभर में उग्र आंदोलन किया जाएगा। जिसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी।

राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेन यादव ने कहा कि प्रदेश के बेरोजगारों ने दीपावली से लेकर भाई दूज तक खुले आसमान के नीचे धरने में मनाया है। लेकिन सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही। ऐसे में आज प्रदेशभर के बेरोजगारों ने सड़क पर लेट कर सरकार से अपनी मांगों को पूरा करने की गुहार लगाई है। ताकि सरकार अब तो बेरोजगारों की पुकार को सुन ले। उन्होंने कहा कि अगर इसके बाद भी सरकार ने हमारी मांगों को नहीं माना। तो बेरोजगार मजबूरन उग्र आंदोलन की और आगे बढ़ेंगे। जिसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी।

उन्होंने कहा कि सरकार ने बेरोजगारों के साथ वादाखिलाफी की है। बावजूद इसके हम गाँधीवादी तरीके से विरोध कर रहे है। लेकिन अगर फिर भी हमारी मांगों को पूरा नहीं किया गया। तो 24 नवंबर को होने वाली प्रियंका गांधी की रैली में राजस्थान के एक हजार से ज्यादा बेरोजगार विरोध करेंगे। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की वादाखिलाफी को आम जनता तक पहुंचाएंगे। इसके बाद राजस्थान में भी कांग्रेस के खिलाफ जन जागरण अभियान शुरू करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *