जयपुर: जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजस्थान सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय के 68 अधिकारी-कर्मचारियों की चुनाव में ड्यूटी लगा दी है। जिसमें 2 मृत कर्मचारियों राकेश वर्मा और संदीप कुमार की भी ड्यूटी लगा दी गई है। इतना ही नहीं 10 सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों को भी ड्यूटी पर आने के लिए पाबंद कर दिया है। चुनावी ड्यूटी में अन्य स्तर पर भी भारी अनियमितता हुई है। जनसंपर्क अधिकारी को सेक्टर मजिस्ट्रेट बना दिया गया, तो वहीं डिप्टी डायरेक्टर और असिस्टेंट डायरेक्टर को मतदान अधिकारी बना दिया गया है। चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को भी इन अधिकारियों के साथ मतदान अधिकारी लगा दिया है।
दरअसल, राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव आचार संहिता की सख्ती से पालना करवाने के लिए सूचना व जनसम्पर्क विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की ये ड्यूटी लगाई है। जिला निर्वाचन अधिकारी अंतरसिंह नेहरा ने इन अधिकारी कर्मचारियों की ड्यूटी चुनाव में लगाई है। खास बात यह है कि निर्वाचन आयोग की चुनाव के दौरान खबरें भी जनसंपर्क विभाग ही जारी करता है। ऐसे में कई सवाल खड़े हो गए हैं।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की पहली बार किसी चुनाव में इतने बड़े स्तर पर ड्यूटी लगी है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निर्देशक पुरुषोत्तम शर्मा ने अपने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने पर एतराज जताते हुए उन्हें निरस्त करने का आग्रह भी किया। लेकिन उनकी बात अनसुनी कर दी गई।
