जयपुर: राजधानी जयपुर में लगातार कोरोना विस्फोट जारी है। मंगलवार को 745 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आने के बाद चिकित्सा विभाग व जिला प्रशासन की परेशानी बढ़ गयी है। इसके बाद अब जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सख्ती करने की तैयारी कर ली है। अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर हैदर अली जैदी के मुताबिक कोरोना के बढ़ते केस चिंताजनक है। इसके लिए अब बीट प्रणाली को फिर से एक्टिव किया जाएगा।
जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में ही एक कोविड कंट्रोल रूम शुरू किया जा रहा है। इसमें एक-एक एडिशनल डीसीपी रैंक के अफसर को तैनात किया जाएगा। तीन शिफ्ट में ये अफसर अब 24 घंटे कंट्रोल रूम में मौजूद रहेंगे। कंट्रोल रूम में आमजन अपनी कोई भी समस्या एवं शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। इसके अलावा जयपुर में चारों जिलों के डीसीपी को निर्देश दिए हैं कि वे अपने एसीपी, थानाप्रभारी के साथ इलाकों में फ्लैग मार्च करेंगे। व्यापारियों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से बातचीत करेंगे। उनको तय समय पर बाजार बंद करने के लिए पाबंद करेंगे। कोरोना की रोकथाम के लिए समझाइश करेंगे।
बीट कांस्टेबल करेगा पाबंद
एडिशनल कमिश्नर जैदी के मुताबिक शहर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से जारी कोरोना संक्रमित मरीजों की रिपोर्ट उनके पते के आधार पर पुलिस कमिश्नरेट के जरिए संबंधित पुलिस थानों को भेजी जाएगी। इसके बाद थानाप्रभारी की मॉनिटरिंग में बीट कांस्टेबल अपने क्षेत्र में मौजूद कोरोना पॉजिटिव मरीज व उनके परिजनों से संपर्क करेगा। उनको दोबारा रिपोर्ट निगेटिव आने तक घर में क्वारैंटाइन रहने के लिए पाबंद करेगा। बीट कांस्टेबल इसकी निगरानी भी करेगा।
रात्रि कर्फ्यू की कड़ाई से कराई जाएगी पालना
शहर में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू है। लेकिन अभी भी शहरवासी इनकी पालना नहीं कर रहे है। अभी भी कई इलाकों में लोग बेवजह गाड़ियों पर घूमते नजर आ रहे है। ऐसे में अब जयपुर पुलिस इन लोगों से सख्ती से निपटेगी।

