जयपुर: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा का कार्यकाल 7 अक्टूबर 2023 के दिन पूरा हो जाएगा। हरिप्रसाद शर्मा ने करीब चार दिन पहले 23 जुलाई को उन्होंने अपना इस्तीफा सरकार को भेज दिया था। ऐसा माना जा रहा था कि यदि वह इस्तीफा नहीं देते हैं तो प्रदेश में होने वाली 8 भर्तियां अटक सकती हैं।इसके पीछे ये भी कयास लगाए जा रहे हैं कि अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद हरिप्रसाद शर्मा फुलेरा विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। हालांकि सूत्रों के मुताबिक उनका इस्तीफा अभी स्वीकार नहीं किया गया। फिलहाल बोर्ड द्वारा 8 भर्ती परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। ऐसे में अगर वे अपना कार्यकाल पूरा करते है तो उनमें से सिर्फ तीन भर्ती परीक्षाओं को ही पूरा करा पाएंगे। बाकी 5 भर्ती परीक्षाएं अपने निर्धारित वक्त से अटक सकती हैं।
बोर्ड अध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा का कहना है कि मेरी जगह किसी और व्यक्ति को जिम्मेदारी दी जाएगी तो नया अध्यक्ष आठों भर्ती परीक्षाएं निर्धारित वक्त पर पूरी करा पाएगा। इसलिए मैंने अपने पद से इस्तीफा दिया है ताकि राजस्थान के लाखों भर्ती, जो प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होंगे, उन्हें किसी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़े।
सितंबर – अक्टूबर में प्रस्तावित हैं ये 8 भर्ती परीक्षाएं
- सूचना सहायक भर्ती – 9 सितंबर
- कनिष्ठ लेखाकार और तहसील राजस्व लेखाकार भर्ती – 17 सितंबर
- संविदा महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता भर्ती – 24 सितंबर (पहली पारी)
- संविदा नर्सेज भर्ती – 24 सितंबर (दूसरी पारी)
- संगणक भर्ती – 14 अक्टूबर (पहली पारी)
- पर्यवेक्षक भर्ती – 14 अक्टूबर (दूसरी पारी)
- कृषि पर्यवेक्षक भर्ती – 21 अक्टूबर (पहली पारी)
- सुपरवाइजर भर्ती – 21 अक्टूबर (दूसरी पारी)