Headlines

राजस्थान ग्रामीण ओलम्पिक खेलों में शूटिंग बाॅल और खो-खो भी होंगे शामिल

जयपुर। राज्य में खेलों के प्रति व्यापक स्तर पर वातावरण तैयार करने के लिए होने वाले राजस्थान ग्रामीण ओलम्पिक खेल में शूटिंग बाॅल (बालक वर्ग) तथा खो-खो (बालिका वर्ग) को भी शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस संबंध में मंजूरी प्रदान कर दी है।

उल्लेखनीय है कि गहलोत ने वर्ष 2021-22 के बजट में राज्य में खेलों के प्रति व्यापक वातावरण तैयार करने के लिए प्रदेश के लोकप्रिय खेेलों जैसे कबड्डी, वाॅलीबाॅल, क्रिकेट (टेनिस बाॅल) एवं हाॅकी की ग्राम, ब्लाॅक, जिला एवं राज्य स्तर पर राजस्थान ग्रामीण ओलम्पिक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने की घोषणा की थी और इनके लिए 30 करोड़ रूपए का प्रावधान किया था।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाने तथा अन्य लोकप्रिय खेलों को शामिल करने की मांग के दृष्टिगत शूटिंग बाॅल (बालक वर्ग) और खो-खो (बालिका वर्ग) को भी इन प्रतियोगिताओं में सम्मिलित करने का निर्णय लिया है। इस निर्णय से प्रदेश में नई पीढ़ी की खेलों के प्रति रूचि बढ़ेगी तथा वे राज्य, राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *