जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र की लोककल्याणकारी सरकार के गौरवशाली 7 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आह्वान पर देश एवं प्रदेश में पार्टी द्वारा सेवा ही संगठन अभियान के जरिये जरूरतमंदों की मदद को लेकर सेवा कार्य किये गये।
रक्तदान शिविर का आयोजन
इसी क्रम में केन्द्र की जनकल्याणकारी नरेन्द्र मोदी सरकार के सात वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने पार्टी के सेवा ही संगठन अभियान के अंतर्गत आमेर के जरूरतमंदों को खाद्य सामग्री का वितरण किया।
साथ ही डॉ. पूनियां ने आमेर में महावतों और महावीर कुष्ठ आश्रम में रह रहे परिवारों को राशन किटों का वितरण किया और उनके हाल-चाल जाने। दौलतपुरा पहुंचकर उन्होंने ‘सेवा ही संगठन’ भाव से भाजपा आमेर टीम ‘विधायक जन सहयोग केंद्र’ के जरिए रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर उनका मनोबल बढ़ाया।

डॉ. पूनियां ने मीडिया से बातचीत में कहा कि, सेवा कार्य भाजपा का परम लक्ष्य है, दुनियाभर में भारत का स्वाभिमान के साथ मान-सम्मान बढ़ाने वाले प्रधानमंत्री मोदी की लोक कल्याणकारी सरकार को 7 वर्ष पूर्ण हुए हैं, इसी उपलक्ष्य में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आह्वान एवं नेतृत्व में देश के एक लाख गांवों में भाजपा द्वारा सेवा ही संगठन के जरिए जरूरतमंदों की सेवा की गई और राजस्थान के 10 हजार गांवों में सेवा कार्य किए गये।

पार्टी के अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में सेवा कार्य किया
उन्होंने कहा कि पार्टी के सांसद, विधायक, पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जरूरतमंदों की सेवा की। डॉ. पूनियां ने कहा कि, 2014 में नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने से देश में बुनियादी बदलाव आया, स्वच्छता से लेकर शौचालय, आवास, जनधन, उज्ज्वला, ये तमाम ऐसी योजनाएं जिनसे आम आदमी का जीवन बदला। वहीं, पीएम किसान सम्मान निधि से देश के किसानों का जीवन बदला, इसके अलावा जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 निस्तारित करना, अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के निर्माण का शुभारंभ, इत्यादि वैचारिक मुद्दों का समाधान हुआ।
उन्होंने कहा कि, कोरोना के संकट में भारत की मोदी सरकार ने 130 करोड़ से अधिक आबादी के देश को चिकित्सा सुविधाओं सहित सभी संसाधनों को सुदृढ़ कर व्यवस्थित तरीके से संभाला, आज स्वदेशी वैक्सीन बनाने वाला एकमात्र तीसरा देश भारत है, जिस पर हम सभी भारतीयों को गर्व है।

डॉ. पूनियां ने कहा कि, पार्टी ने प्रदेशभर में कोविड हेतु जागरुकता, रक्तदान शिविर, पशु एवं जीव जन्तु सेवा, रोग प्रतिरोधक क्षमता किट वितरण, जरूरतमंदों को राशन किट वितरण, थर्मल स्कैनर व ऑक्सीमीटर के माध्यम से गांवों में स्क्रीनिंग, वैक्सीन हेतु जागरुकता, गांव की स्वच्छता इत्यादि सेवा कार्यों से मोदी सरकार के अभिनव फैसलों व योजनाओं का अभिनंदन किया।
वहीं, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने जयपुर शहर के मानसरोवर मण्डल में राशन वितरण एवं कार्यकर्ताओं को सेनेटाइजर व काढ़ा वितरण किया, साथ ही पक्षियों को दाना और गौमता के लिए हरे चारे की गाड़ी रवाना की।
नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया ने उदयपुर में जरूरतमंदों को भोजन सामग्री, सैनिटाइजर, मास्क, काढ़ा, परिण्डे का वितरण व गोशाला में गायों का चारा वितरण किया, वहीं उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने चूरू में रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं का मनोबल बढ़ाया व अन्य सेवा सेवा कार्य किये।
