जयपुर। पूर्व मंत्री गोलमादेवी ने आज आमागढ़ दुर्ग पहुंच शिव मंदिर तथा अंबे माता की पूजा तो कर ली, लेकिन वहां झंडा नहीं देख फिर बखेड़ा खड़ा हो गया। तीन दिन पहले 1 अगस्त को जो झंडा आमागढ़ किले पर डॉ. किरोड़ीलाल लगाकर आये थे उसे पुलिस प्रशासन ने हटा दिया। इसी से क्रोधित हो गोलमादेवी पुलिस कमिश्नरेट पहुंच अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गईं। वहां उन्होंने अतिरिक्त आयुक्त राहुल प्रकाश को ज्ञापन सौंपा। उनके साथ भाजपा अजजा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष जितेंद्र मीणा भी साथ थे। राहुल प्रकाश ने कहा आपकी भावना को सीएम तक पहुंचा देंगे। मीणा समाज ने झंडा न लगाने पर फिर आंदोलन का अल्टीमेटम दिया हैं।
गोलमादेवी महिलाओं के साथ लोकगीत गाते हुए पूजा अर्चना करने पहुंची थी। इससे पहले पूर्व मंत्री गोलमादेवी गलता गेट चौराहे पहुंची जहां उनका स्वागत किया गया। आपको बता दे गोलामदेवी के पति राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने इसी आमागढ़ किले पर 1 अगस्त को झंडा फहराया था तथा अपना आंदोलन खत्म करते समय मंदिर का ताला तीन दिन में खोलने का अल्टीमेटम दिया था। पुलिस ने अपने इसी वादे को निभाते हुए कल शाम ताला खोल दिया था।
डॉ. किरोड़ीलाल ने ही आज गोलमादेवी के पूजा अर्चना करने आमागढ़ पहुंचने की घोषणा की थी। गोलमादेवी जब आमागढ़ गयी तो उनके साथ पुलिस का भी भारी बंदोबस्त था, ताकि किसी तरह का अशांति का वातावरण नहीं बने। डॉ. किरोड़ीलाल भी जब जयपुर आएंगे तब आमागढ़ पूजा अर्चना करने जाएंगे।


