जयपुर : जयपुर कमिश्नरेट के पास सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में दिनदहाड़े हुई 15 लाख की लूट की वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। जिसके बाद पुलिस ने पूरे शहर में नाकेबंदी लगाई। जिसमे एक बदमाश पकड़ा गया। इस मामले में बैंक की भी बड़ी लापरवाही सामने आई है। सेन्ट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया की इस शाखा के सीसीटीवी सिस्टम गत 22 जनवरी से बंद पड़े थे। इस बात का बैंक कर्मियों के पास भी कोई जवाब नहीं मिला। वहीं, बदमाश बैंक के बाहर लगे एक दूसरे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए। इसमें एक बदमाश पैदल चलता दिख रहा है। वहीं, दूसरा स्कूटी लेकर आता है। फिर दोनों स्कूटी पर बैठकर मौके से निकल जाते हैं।
RBI के नियमों के अनुसार बैंक परिसर में कम से कम 7 सीसीटीवी होने चाहिए। बैंक के बाहर दो सीसीटीवी नाइट वीजन वाले होने चाहिए। इसके बावजूद चौमूं चौराहे पर स्थित सैंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया के सभी कैमरे 22 जनवरी से खराब हैं।
वहीँ, जयपुर कमिश्नरेट पुलिस ने घटना के बाद शहर में कड़ी नाकेबंदी की गई, जिसके कारण नाकेबंदी के दौरान एक बदमाश को पकड़ लिया गया। वहीं, दूसरा मौके से भागने में कामयाब हो गया। पकड़े गए आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है।
पीड़ितों ने बताई आप बीती
बैंक में चेक जमा कराने पहुंचे युवक ने बताया कि मैने ड्रोप बॉक्स में चेक डाला ही था कि मुझे पीछे कॉलर से पकड़ लिया। फिर सिर पर बंदूक लगा दी। मैने कहा मैं बैंक का कर्मचारी नहीं हुई। फिर मुझे एक कमरे में बंद कर दिया। मेरा आईफोन भी साथ ले गए। वहीँ, बैंक पहुंचे कृष्ण कुमार ने बताया कि बैंक पहुंचा तो दो लोग बैंक के अंदर थे। मेरे 5200 रुपए भी ले लिए। फिर बाथरूम में बंद कर दिया। जो भी अंदर आता उसे बाथरूम में बंद कर देते थे।
