जयपुर। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा राज्य सरकार के निर्देशानुसार निःशुल्क व रियायती यात्रा सुविधा के लिए 41 श्रेणी के व्यक्तियों यथा वरिष्ठ नागरिक, विशेष योग्यजन, विधार्थी, पुरस्कृत शिक्षक, पत्रकार इत्यादि के बनाये जाने वाले आरएफआईडी स्मार्ट कार्ड का रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन कर दिया गया है, अब आवेदक कहीं से भी रजिस्ट्रेशन कर आरएफआईडी स्मार्ट कार्ड बनवा सकेंगे।
राजस्थान रोडवेज के सीएमडी ने बताया कि परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावांस एवं परिवहन राज्य मंत्री अशोक चांदना की प्रेरणा से आज से आरएफआईडी स्मार्ट कार्ड का रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन कर दिया गया है, अब आवेदक कहीं से भी रजिस्ट्रेशन कर आरएफआईडी स्मार्ट कार्ड बनवा सकेंगे। राज्य सरकार के निर्देशानुसार नि:शुल्क व रियायती यात्रा सुविधा के लिए 41 श्रेणी के व्यक्तियों यथा वरिष्ठ नागरिक, विशेष योग्यजन, विधार्थी, पुरस्कृत शिक्षक, पत्रकार, स्वतंत्रता सेनानी, मानसिक रोगी, गेलेण्ट्री अवार्ड विजेता, अन्तर्राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में पद्क विजेता इत्यादि के आरएफआईडी स्मार्ट कार्ड अभी तक राजस्थान रोडवेज के काउण्टर्स पर बनाए जा रहे थे।
पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर पेमेंट करना होगा
सीएमडी रोडवेज ने यह भी बताया कि निःशुल्क एवं रियायती यात्रा के लिए पात्र व्यक्ति आरएफआईडी स्मार्ट कार्ड बनवाने के लिए ऑनलाइन पोर्टल https://rsrtcrfidsystem.co.in/SelfService/SelfLogin.aspx पर रजिस्ट्रेशन कर पात्रता के आधार पर सम्बन्धित दस्तावेजो (फोटो, पात्रता सम्बन्धी दस्तावेज, जन्म/आयु सम्बन्धी प्रमाण पत्र, राजस्थान मूल निवास से सम्बन्धी प्रमाण पत्र) को अपलोड कर पेमेन्ट गेटवे के माध्यम से भुगतान कर सकेंगे।
आरएफआईडी स्मार्ट कार्ड का शुल्क आगार कार्यालय से प्राप्त करने पर रू 40/- एवं स्वयं के पते पर स्मार्ट कार्ड की डिलीवरी हेतु पोस्टल चार्जेज रू 75/- आरएफआईडी स्मार्ट कार्ड शुल्क के अतिरिक्त देय होंगे। प्राप्त प्रार्थना पत्र को आगार स्तर पर सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के बाद प्रार्थना पत्र को स्वीकृत करने पर मुख्यालय स्तर से आरएफआईडी स्मार्ट कार्ड बनाकर सम्बन्धित आगार में या आवेदक द्वारा दिये गये पोस्टल पते पर प्रेषित कर दिया जाएगा। ऑनलाइन आरएफआईडी स्मार्ट कार्ड रजिस्ट्रेशन से सम्बन्धित Instructions रोडवेज वेबसाईट www.rsrtc.rajasthan.gov.in/rsrtc पर उपलब्ध है।
अभी तक काउण्टर्स पर बन रहे थे आरएफआईडी स्मार्ट कार्ड
राजस्थान रोडवेज प्रबन्धन द्वारा 02 अक्टूबर से प्रारम्भ होने वाले प्रशासन शहरो के संग एवं प्रशासन गांव के संग अभियान में भी निःशुल्क एवं रियायती यात्रा के लिए पात्र व्यक्तियों के आरएफआईडी स्मार्ट कार्ड भी बनाए जाएंगे। यहां यह उल्लेखनीय है कि राजस्थान रोडवेज द्वारा राज्य सरकार के निर्देशानुसार विभिन्न श्रेणी के व्यक्तियों के निःशुल्क एवं रियायती यात्रा के लिए वर्ष 2013 से आरएफआईडी स्मार्ट कार्ड रोडवेज के काउण्टर्स पर रजिस्ट्रेशन कर व्यक्तिश: बनाए जा रहे थे। वर्ष 2013 से अब तक 13 लाख से ज्यादा आरएफआईडी स्मार्ट कार्ड जारी किये जा चुके है, इनसे निःशुल्क एवं रियायती यात्रा सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है।
