जयपुर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित शीघ्र लिपिक संयुक्त भर्ती परीक्षा-2018 का परिणाम शीघ्रातिशीघ्र जारी करने के संबंध में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखा है।
डॉ. पूनियां ने गहलोत को पत्र में लिखा कि, इस परीक्षा का परिणाम जारी कर प्रथम चरण में न्यूनतम अंक (सामान्य वर्ग 40 प्रतिशत व अनुसूचित जाति व जनजाति वर्ग 35 प्रतिशत) प्राप्त करने वाले समस्त अभ्यर्थियों को द्वितीय चरण में भी आमंत्रित किया जाए।
अभ्यर्थियों से इस संबंध में प्राप्त ज्ञापन का हवाला देते हुए खास कहा गया है कि शीघ्रलिपिक भर्ती परीक्षा 2011 में तीन गुना अभ्यर्थियों को शीघ्र लिपिक परीक्षा हेतु आमंत्रित किये जाने के कारण तत्समय 90 प्रतिशत से अधिक शीघ्रलिपिक के पद रिक्त रह गये थे। इसी प्रकार यदि ऐसी स्थिति में बोर्ड द्वारा रिक्त पदों के मुकाबले पर्याप्त संख्या में अभ्यर्थियों को आमंत्रित नहीं किया गया तो वर्तमान भर्ती परीक्षा में भी पद रिक्त रह जाने की प्रबल संभावना है।
राजस्थान बेरोजगार शीघ्र लिपिक संघ ने ज्ञापन में विभिन्न शीघ्रलिपिक परीक्षाओं का एक चार्ट संलग्न किया है, जिसका अवलोकन करने पर स्पष्ट है कि कई भर्ती एजेंसियों द्वारा समस्त आवेदकों को आमंत्रित करने के उपरान्त भी कई शीघ्रलिपिक के पद रिक्त रह गये।
