जयपुर: पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने बुधवार को जोधपुर में मीडिया से रीट मामले में बात करते हुए कहा कि रीट से लाखों की संख्या में युवा जुड़े हैं। जो लाखों अभ्यर्थी व उनके परिवार चिंतित है उनके साथ हम खड़े है और नौजवानों के भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ नही होने देंगे। सरकार ने एसओजी की जांच शुरू करवाई है और लोग गिरफ्तार हुए हैं। एक कमेटी भी बनी है, जो सुझाव देगी। ऐसी व्यवस्था हो ताकि आगे पेपर लीक नहीं हो। पायलट ने कहा कि रीट की परीक्षा जो युवा अब दोबारा देंगे, मैं समझता हूं कि उनसे फीस नहीं ली जानी चाहिए। भविष्य में ऐसा नहीं हो, इसका प्रयास होना चाहिए।
पायलट ने कहा कि इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि जांच कौन कर रहा है बशर्ते जांच सही हो। इसकी सघन और पारदर्शी तरीके से जांच होनी चाहिए और कोई व्यक्ति या संगठन पर तथ्य मिलते है तो सख्त कार्रवाई करनी पड़ेगी ताकि भविष्य मे ऐसा फिर न हो। जोधपुर एयरपोर्ट पर आरएएस की मुख्य परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी भी पायलट से मिले। उन्होंने इस परीक्षा की तिथि आगे बढाने की मांग रखी।
पंजाब में बनेगी कांग्रेस की सरकार
दूसरी ओर पायलट ने भाजपा पर हमले बोलते हुए कहा कि भाजपा लंबे समय से निष्क्रिय थी। अब राजनीति लाभ के लिए प्रदर्शन कर रही है। चुनाव से ठीक पहले उत्तराखंड में भाजपा के एक कैबिनेट मंत्री पार्टी छोड़कर चले गए, तो हकीकत कुछ और है और मीडिया में कुछ और आता है। भाजपा के शासन में निरंतर बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से लोग परेशान हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि जहां वोटिंग पूर्ण हो चुकी है, उन दोनों राज्यों में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने जा रही है। पंजाब में भी 20 तारीख को मतदान है और पहली बार वहां इतनी पार्टियां चुनाव लड़ रही हैं लेकिन जनता कांग्रेस पार्टी के काम से बहुत प्रभावित है। पंजाब में भी कांग्रेस कि सरकार बनने जा रही है।
